सिविल अस्पताल में ओपीडी शुरू, सर्जरी के लिए करना होगा इंतजार

कोरोना संक्रमण के केस कम होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने फुल ओपीडी शुरू कर दी है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 07:48 AM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 07:48 AM (IST)
सिविल अस्पताल में ओपीडी शुरू, सर्जरी के लिए करना होगा इंतजार
सिविल अस्पताल में ओपीडी शुरू, सर्जरी के लिए करना होगा इंतजार

जागरण संवाददाता, यमुनानगर : कोरोना संक्रमण के केस कम होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने फुल ओपीडी शुरू कर दी है, लेकिन अभी सर्जरी के लिए इंतजार करना होगा। कई माह से सिविल अस्पताल में सर्जरी बंद पड़ी थी। मरीज सर्जरी के लिए सिविल अस्पताल में चक्कर काट रहे हैं। जहां से उन्हें इन्कार कर दिया जाता है। ऐसे में मरीजों को निजी अस्पताल में दाखिल होना पड़ रहा है। आपातकाल के लिए भी सर्जरी अभी पूरी तरह से बंद है।

मार्च में कोरोना संक्रमण फैला, तो स्वास्थ्य विभाग ने सर्जरी बंद कर दी थी। स्टाफ को कोरोना ड्यूटी में लगा दिया गया। ओपीडी चलती रही। अप्रैल में कोरोना संक्रमण बेकाबू हो गया। रोजाना 400 से 500 तक केस मिलने लगे। जिस पर ओपीडी का समय घटा दिया गया। मात्र तीन घंटे की ओपीडी की गई। इसके साथ ही कोरोना जांच अनिवार्य की गई। कोरोना जांच के बाद ही ओपीडी में मरीजों को देखा गया।

सर्जरी के लिए निजी अस्पतालों का सहारा

आंख, गला व हड्डी आदि के आपरेशन के लिए मरीजों को अब निजी अस्पताल में जाना पड़ रहा है। सर्जरी अभी तक बंद है। कुछ ऐसे भी मरीज हैं, जो निजी अस्पतालों का खर्च नहीं उठा सकते। वह सर्जरी की अनुमति मिलने का इंतजार कर रहे हैं। गांधीनगर निवासी अमित कुमार ने बताया कि उन्हें अपनी मां की टांग का आपरेशन कराना है। दो तीन बार अस्पताल में जा चुके हैं, लेकिन सर्जरी नहीं हो रही है। इसी तरह से सरोजनी कालोनी निवासी गौरव को भी अपने एक रिश्तेदार का आपरेशन कराना था। मजबूरी में उन्हें निजी अस्पताल में आपरेशन कराना पड़ा।

स्टाफ की कोरोना में लगी ड्यूटी

कोरोना महामारी की वजह से सर्जरी में लगे स्टाफ को भी शिफ्ट करना पड़ा। मानव संसाधनों की कमी पूरी करने के लिए स्टाफ को कोविड सेंटरों में लगाया गया। इस वजह से भी दिक्कत बढ़ी। कोरोना की वजह से सर्जरी पर रोक लगी थी

सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने बताया कि अब कोरोना के केस कम हो गए हैं। अब जल्दी ही सर्जरी की अनुमति मिलने की संभावना है। इसके बाद ट्रामा सेंटर में ही आपरेशन शुरू हो जाएंगे। कोरोना की वजह से सर्जरी पर रोक लगाई हुई है।

chat bot
आपका साथी