विधायक को मेयर हाउस के सामने मिली घटिया टाइलें, ठेकेदार की पेमेंट काटने के निर्देश

शहर में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में भ्रष्टाचार जमकर हो रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 06:24 AM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 06:24 AM (IST)
विधायक को मेयर हाउस के सामने मिली घटिया टाइलें, ठेकेदार की पेमेंट काटने के निर्देश
विधायक को मेयर हाउस के सामने मिली घटिया टाइलें, ठेकेदार की पेमेंट काटने के निर्देश

जागरण संवाददाता, यमुनानगर : शहर में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में भ्रष्टाचार जमकर हो रहा है। दो दिन पहले ही फर्जी लेटर हेड पर अवैध कालोनियों में जमीन की रजिस्ट्री कराने का मामला उजागर हुआ था। शनिवार को यमुनानगर विधायक ने मेयर मदन चौहान व पार्षदों के साथ वार्ड आठ में लगाई जा रही इंटरलाक टाइलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक को मेयर के सरकारी आवास के पास टाइलों की क्वालिटी सही नहीं मिली। टाइलों मानकों पर खरा नहीं उतर रही थी। इसके अलावा टाइलों के नीचे गटका भी कम मिला। जिस पर विधायक ने ठेकेदार संदीप कुमार की पेमेंट में 40 फीसद की कटौती करने के निर्देश दिए। संतपुरा मोड पर कम मिला गटका :

इसके बाद विधायक गोबिदपुरा रोड पर संतपुरा मोड़ के नजदीक पहुंचे। यहां पर उन्होंने ठेकेदार कुलदीप द्वारा लगाई गई इंटरलाक टाइलों को उखड़वा कर देखा। मजदूरों ने जब टाइलों के नीचे से गटका निकाला तो विधायक इससे संतुष्ट नहीं हुए। विधायक ने कहा कि इसमें गटका कम है। इसके अलावा टाइलों की क्वालिटी भी सही नहीं है। मधू चौक से लेकर कन्हैया साहिब चौक तक टाइलें लगाने व नाला बनाने पर तीन करोड़ 77 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। विधायक ने ठेकेदार को क्वालिटी में सुधार करने को कहा नहीं तो कार्रवाई होगी। साथ ही इस बारे में उन्होंने एक्सइएन आनंद स्वरूप, कार्यकारी अभियंता रवि ओबराय, जेई कपिल कांबोज से भी पूछताछ की। उन्होंने तीनों से पूछा कि क्या वह चल रहे कार्यों को देखते नहीं है घटिया सामान लग रहा है और उन्होंने कुछ नहीं किया। वह इसका कोई जवाब नहीं दे पाए। इन जगहों पर भी किया निरीक्षण किया

विधायक व मेयर ने इसके अलावा नेहरू पार्क रोड, डीएवी डेंटल कालेज रोड, गोबिदपुरी रोड, जब्बी वाला गुरुद्वारा रोड किनारे किए गए टाइल वर्क की भी जांच की। उनके साथ वार्ड नंबर आठ पार्षद विनोद मरवाह, पार्षद सुरेंद्र शर्मा, पार्षद संजीव कुमार, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू, निगरानी कमेटी के सदस्य गिरीश पुरी भी मौजूद रहे। वीडियो बनाने को लेकर विधायक व पार्षद में नोकझोंक :

माडल टाउन में जब विधायक व मेयर निरीक्षण कर रहे थे तो वार्ड आठ के पार्षद विनोद मरवाह भी वहां थे। पार्षद का भतीजा मोबाइल से निरीक्षण की वीडियो बनाने लगा। जिस पर वार्ड की पूर्व पार्षद संगीता सिघल ने एतराज जताया। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने भी वीडियो बनाने से उन्हें इन्कार कर दिया। जिस पर मरवाह ने कहा कि वीडियो बनाने से किसी को एतराज नहीं होना चाहिए। वह सभी सार्वजनिक जगह पर खड़े हैं। वार्ड आठ में घटिया टाइलें लग रही हैं इसकी शिकायत उन्होंने निगम कार्यालय में की थी। परंतु अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। घटिया टाइलें व कम गटका मिलने से साफ हो गया कि उनकी शिकायत सही थी। भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा : घनश्याम दास

घनश्याम दास अरोड़ा ने बताया कि कुछ जगहों पर टाइलें घटिया मिली व गटका भी कम मिला। इसके लिए ठेकेदार की पेमेंट काटने को कहा है। प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ है। इसलिए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार बिल्कुल भी सहन नहीं होगा।

chat bot
आपका साथी