कभी भी कर सकती है केंद्र की टीम स्वच्छ सर्वेक्षण, तैयारी में जुटे अफसर

स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में बेहतर रैंक हासिल करने के लिए इस बार

By JagranEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 10:00 AM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 10:00 AM (IST)
कभी भी कर सकती है केंद्र की टीम स्वच्छ सर्वेक्षण, तैयारी में जुटे अफसर
कभी भी कर सकती है केंद्र की टीम स्वच्छ सर्वेक्षण, तैयारी में जुटे अफसर

जागरण संवाददाता, यमुनानगर : स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में बेहतर रैंक हासिल करने के लिए इस बार नगर निगम अधिकारी पूरी तरह जुटे हुए हैं। दिसंबर माह में केंद्र की टीम कभी भी सर्वेक्षण कर सकती है। इस बार अधिकारियों का पूरा ध्यान कचरा प्रबंधन पर है। क्योंकि नगर निगम एरिया से निकल रहे कचरे का प्रबंधन न होने के कारण पहले पिछड़ चुके हैं। इस बार जिला के सभी होटल, रेस्टोरेंट व बैंक्वेट हॉल संचालकों से शपथ पत्र लिया जाएगा कि उनके यहां ठोस और तरल कचरे के प्रबंधन की व्यवस्था है। यदि यह व्यवस्था नहीं की गई तो कार्रवाई तय है। इससे पहले निगम की ओर से इनको नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं। अब दोबारा सभी की बैठक ली जाएगी ताकि इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जा सकें। एजेंसी करेगी डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन

सभी 22 वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम एजेंसी को सौंपा जा रहा है। इसके लिए टेंडर लगा दिया है। उम्मीद है जल्दी ही इस योजना पर काम शुरू हो जाएगा। फिलहाल 19 वार्डो में नगर निगम के कर्मचारी व तीन वार्डो में ठेकेदार के कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसके अलावा हर वार्ड में कचरा पार्क बनाए जाने की योजना है ताकि वार्ड से निकलने वाला कचरा छंटनी के बाद ही प्लांट तक पहुंचे। कचरे से संक्रमण को रोकने के लिए फिलहाल नगर निगम की ओर से प्रो-बायोटिक ट्रीटमेंट कराया जाएगा। इसके तहत विशेष प्रकार के केमिकल का छिड़काव कचरे पर किया जाता है। छिड़काव होने के बाद यह कचरा बैठ जाता है और बीमारी व बदबू फैलाने वाले कीटाणु मर जाते हैं। बता दें कि नगर निगम एरिया से 250-300 टन कचरा हर दिन निकल रहा है, लेकिन प्रबंधन न होने के कारण कैल स्थित प्लांट में ढेर लगे हुए हैं। गुपचुप हुआ था सर्वेक्षण

गत वर्ष वर्ष दिसंबर माह में केंद्र की टीम ने गुपचुप तरीके से सर्वेक्षण किया था। अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी थी। सर्वेक्षण के बाद ही नगर निगम अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली थी। इस बार भी ऐसा ही होगा। टीम कभी भी सर्वेक्षण कर सकती है। टीम ने ट्विन सिटी की विभिन्न कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था, पानी की निकासी और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को जांचने के साथ-साथ शहरवासियों से फीडबैक भी ली थी।

किस वर्ष क्या रैंक

वर्ष -2017 में : 346वां

वर्ष- 2018 में : 310वां

वर्ष- 2019 में : 218वां

वर्ष-2020 में: 147वां

कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर

हमारा प्रयास है कि इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में अच्छा रैंक मिले। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कचरा प्रबंधन पर विशेष रूप से जोर दिया जा रहा है। सभी होटल व बैंक्वेट हाल संचालकों को निर्देश दिए हुए हैं कि कचरे के प्रबंधन की व्यवस्था जरूर करें। जल्दी ही इनकी बैठक भी ली जाएगी।

- अरुण कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम।

chat bot
आपका साथी