दहेज प्रताड़ना के आरोप में ससुरालियों पर केस

दहेज की मांग को लेकर महिला को प्रताड़ित करने वाले ससुरालियों पर केस दर्ज कराया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 07 Mar 2021 08:10 AM (IST) Updated:Sun, 07 Mar 2021 08:10 AM (IST)
दहेज प्रताड़ना के आरोप में ससुरालियों पर केस
दहेज प्रताड़ना के आरोप में ससुरालियों पर केस

जागरण संवाददाता, यमुनानगर :

दहेज की मांग को लेकर महिला को प्रताड़ित करने वाले ससुरालियों पर छछरौली थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। पीड़िता का आरोप है कि देवर उसपर उसके साथ संबंध बनाने का दबाव बनाता था। वहीं ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। छछरौली निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी थाना छप्पर निवासी विक्रम सिंह के साथ वर्ष 2019 में हुई थी। शादी से पहले वह सरकारी अस्पताल मोहाली में कॉन्ट्रैक्ट बेस पर नौकरी करती थी। शादी होने पर ससुराल वालों ने नौकरी भी छुड़वा दी। सास व देवर उस पर मायके से 50 हजार रुपये लाने की मांग करने लगे। मना करने पर उसके साथ मारपीट करते थे। अक्टूबर 2019 में वह गर्भवती हो गई, तो सास ने उसे और परेशान करना शुरू कर दिया। यहां तक कि उसे घर से भी निकाल दिया। बाद में पंचायत हुई और पति उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद उसे बेटी पैदा हुई। इसपर ससुरालियों ने बेटी को छत से गिराकर मारने की कोशिश की।

उधर, साढौरा के गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी रठाली गांव निवासी विनोद कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। मायके से पांच लाख रुपये लेकर आने की मांग ससुराल वाले करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की। इस बीच पति विनोद अपने परिवार वालों से साज बाज कर उसे बिना बताए मलेशिया चला गया। इसके बाद से ससुराल वाले और भी प्रताड़ित करने लगे। शिकायत के आधार पर दोनों मामलों में केश दर्ज हुआ है।

chat bot
आपका साथी