बुआ पर नाबालिग भतीजी की शादी कराने के आरोप में केस
साढौरा थाना क्षेत्र के एक गांव से 16 वर्षीय किशोरी को उसकी बुआ अपने साथ ले गई। स्वजनों का आरोप है कि अब उनकी बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। कहीं से पता लगा कि उनकी बेटी की उसकी बुआ ने शादी कर दी है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : साढौरा थाना क्षेत्र के एक गांव से 16 वर्षीय किशोरी को उसकी बुआ अपने साथ ले गई। स्वजनों का आरोप है कि अब उनकी बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। कहीं से पता लगा कि उनकी बेटी की उसकी बुआ ने शादी कर दी है। बेटी से भी उन्हें मिलने नहीं दे रहे हैं। फिलहाल महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, व्यक्ति की बहन सरिता पांच माह पहले अपने बेटे के साथ उनके घर पर आई थी। वो उनकी बेटी को यह कहकर ले गए थे कि 10 से 15 दिन बाद उसे वापस छोड़ देंगे। इस तरह से करीब 20 दिन बीत गए। जब बेटी को घर छोड़ने के लिए बहन को फोन किया, तो वह टाल मटोल करने लगी। आरोप है कि बहन व उसके बेटे ने बेटी को बहला फुसला लिया और उसे अपने पास ही रहने के लिए राजी कर लिया। उनकी बेटी से बात तक नहीं कराई। कभी कहते थे कि लड़की सो रही है, तो कभी कहते थे कि पड़ोस में गई है। बार-बार कहने पर भी आरोपितों ने उनकी बेटी से बात नहीं करवाई। करीब 12 दिन पहले उनकी पत्नी ने आरोपितों से फोन पर बातचीत की, तो उन्होंने कहा कि लड़की की शादी कर दी है। पीड़ित ने शक जताया है कि आरोपितों ने उनकी बेटी को गुम कर दिया है। पहले इस बारे में साढौरा थाने में शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद में एसपी से शिकायत दी गई। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने मामले में आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।