दिन ढलते ही हवा भरने की मशीनों पर ताला लटका देते हैं पेट्रोल पंप संचालक, वाहन चालक परेशान

पेट्रोल पंपों पर हवा पानी 24 घंटे देने का दावा किया जाता है। इसके लिए बकायदा पेट्रोल पंपों पर लिखा हुआ भी है। परंतु शाम होते ही पेट्रोल पंपों पर हवा भरने की मशीनों पर ताले लटक जाते हैं। वाहन चालक हवा भरने के लिए भटकते रहते हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 05:27 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 05:27 PM (IST)
दिन ढलते ही हवा भरने की मशीनों पर ताला लटका देते हैं पेट्रोल पंप संचालक, वाहन चालक परेशान
दिन ढलते ही हवा भरने की मशीनों पर ताला लटका देते हैं पेट्रोल पंप संचालक, वाहन चालक परेशान

जागरण संवाददाता, यमुनानगर : पेट्रोल पंपों पर हवा, पानी 24 घंटे देने का दावा किया जाता है। इसके लिए बकायदा पेट्रोल पंपों पर लिखा हुआ भी है। परंतु शाम होते ही पेट्रोल पंपों पर हवा भरने की मशीनों पर ताले लटक जाते हैं। वाहन चालक हवा भरने के लिए भटकते रहते हैं। पंप पर कार्यरत कर्मचारियों से हवा भरने के लिए पूछते हैं लेकिन कोई एक ही जवाब मिलता है कि जिस कर्मचारी की ड्यूटी हवा भरने के लिए लगाई हुई वह अपने घर चला गया है। वह मशीन की चाबी भी अपने साथ ही ले जाता है। इसलिए आप किसी दुकान पर जाकर हवा भरवा लो। दिक्कत यह है कि रात को 10 बजे न तो टायर पंचर की दुकान खुली मिलती है और न ही किसी पेट्रोल पंप पर हवा। दैनिक जागरण की टीम ने शनिवार रात पेट्रोल पंपों पर जाकर जायजा लिया तो एक जगह भी हवा भरने की मशीन चालू हालत में नहीं मिली। इसी दौरान बिलासपुर, रादौर, साढौरा, सरस्वती नगर में पेट्रोल पंपों पर हवा भरने का प्रबंध नहीं था। फोटो : 4

नौ बजे मधु पेट्रोल पंप :

दैनिक जागरण टीम रात नौ बजे मधु पेट्रोल पंप पर पहुंची। यह पंप इंडियन आयल कंपनी का है। समय अभी ज्यादा नहीं था ओर पंप पर लोग अपने वाहनों में पेट्रोल डलवाने के लिए आ रहे थे। यहां वाहनों में हवा भरने के लिए जो मशीन रखी थी वह बंद पड़ी थी। उनके ऊपर कपड़ा डाला हुआ था। कार में पेट्रोल डलवाने आए चालक ने कर्मचारी से पूछा टायर में हवा भर जाएगी क्या। कर्मचारी से जवाब मिला इस वक्त तो हवा नहीं भरी जा सकेगी। इसी तरह जगाधरी के अग्रसेन चौक तक किसी भी पेट्रोल पंप पर रात को हवा भरने की सुविधा नहीं थी। फोटो : 2

साढ़े नौ बजे सरकारी पेट्रोल पंप :

टीम साढ़े नौ बजे पंचायत भवन से आगे कृषि एवं कल्याण विभाग कार्यालय के सामने सरकारी पेट्रोल पंप पर पहुंची। यहां हवा भरने की मशीन रखी थी। जिस पर हवा लिखा था। परंतु यह काम नहीं कर रही थी। यहां भी हवा भरने का कोई प्रबंध नहीं था। यहां भी वही बहाना बनाया गया कि जो लड़का हवा भरता है वह चाबी साथ ले गया है। जब सरकारी पेट्रोल पंप पर ही रात को वाहन में हवा भरने का प्रबंध नहीं है तो अन्य से उम्मीद भी क्या की जा सकती है। फोटो : 5

पौने 10 बजे बस स्टैंड :

पौने 10 बजे यमुनानगर बस स्टैंड के पास शमशान घाट के सामने पहुंचे तो यहां भी वही हालात मिले जो मधु पेट्रोल पंप पर थे। दिखाने को यहां हवा भरने के लिए दो-दो मशीनें रखी थी लेकिन दोनों ही बंद पड़ी थी। टीम ने पेट्रोल पंप के कर्मचारी से पूछा क्या बाइक के टायर में हवा भर जाएगी तो जवाब मिला कि जो कर्मचारी हवा भरता था वह घर चला गया है। चाबी भी उसके ही पास है। फोटो : 3

सवा 10 बजे जगाधरी बस स्टैंड :

सवा 10 बजे टीम जगाधरी बस स्टैंड के पास पेट्रोल पंप पर पहुंची। यहां पेड़ के नीचे हवा भरने की मशीन रखी थी। इसके साथ ही एक मैक्सी कैब खड़ी थी जो शायद हवा भरवाने के लिए ही खड़ी थी। परंतु हवा भरने का प्रबंध नहीं था। पास में ही एक फल विक्रेता की रेहड़ी वाले से पूछा कि क्या इस वक्त हवा भरने की मशीन नहीं चलते। तो उसने टका सा जवाब दिया कि जो लड़का हवा भरता है वह छह बजे चला जाता है। उसे दूर जाना होता है। इसलिए वह जल्दी निकल जाता है। इसलिए अब हवा नहीं भरी जा सकेगी। कंपनी को लिखेंगे : कुशल बूरा

डीएफएससी कुशलपाल बूरा का कहना है जब तक पेट्रोल पंप खुला रहेगा तब तक हवा भरने की सुविधा वाहन चालकों को देनी होती है। इसे लेकर औचक निरीक्षण किया जाएगा और कंपनी को भी पत्र लिखेंगे।

chat bot
आपका साथी