22 वार्डों को सैनिटाइज करने में जुटे 35 कर्मचारी, एक राउंड में आठ हजार लीटर का छिड़काव

कोरोना से बचाव के लिए शहर को सैनिटाइज करने का काम जोरों पर चल रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 07:45 AM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 07:45 AM (IST)
22 वार्डों को सैनिटाइज करने में जुटे 35 कर्मचारी, एक राउंड में आठ हजार लीटर का छिड़काव
22 वार्डों को सैनिटाइज करने में जुटे 35 कर्मचारी, एक राउंड में आठ हजार लीटर का छिड़काव

जागरण संवाददाता, यमुनानगर

कोरोना से बचाव के लिए शहर को सैनिटाइज करने का काम जोरों पर है। सभी 22 वार्डों में एक राउंड पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे के लिए तैयारी है। 35 कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर इस कार्य में जुटे हुए हैं। एक वार्ड को सैनिटाइज करने में दो दिन लग जाते हैं। एक-एक गली व मोहल्ले को सैनिटाइज किया जा रहा है। अब से पहले करीब आठ हजार लीटर सैनिटाइज का छिड़काव किया जा चुका है। सुबह से शाम तक इन कर्मचारियों के हाथों में पाइप होते हैं। इनका कहना है कि यह कार्य करने में उनको थकान जरूर होती है, लेकिन आपदा के इस दौर में फर्ज पहले है।

नगर निगम के कुल 22 वार्ड हैं। इन वार्डों में सैनिटाइजर के छिड़काव के लिए 11 ट्रैक्टर लगे हुए हैं। एक ट्रैक्टर पर तीन-चार कर्मचारी तैनात हैं। दो वार्डों को सैनिटाइज करने का जिम्मा दो ट्रैक्टरों पर है। एक वार्ड को सैनिटाइज करने में दो दिन लग जाते हैं। कौन से वार्ड की किस गली में सैनिटाइजर का छिड़काव करना है, इसका शेड्यूल पहले ही बना लिया जाता है। ट्रैक्टर चालित मशीनों के साथ-साथ छह बैटरी चालित स्प्रे हैं। इनका प्रयोग वहां किया जाता है जहां ट्रैक्टर नहीं पहुंच पाता। कर्मचारी इनको पीठ पर लादकर छिड़काव करते हैं।

एक-एक गली को किया सैनिटाइज

वार्ड 13 से पार्षद निर्मल चौहान ने बताया कि उन्होंने अपने वार्ड की एक-एक गली को स्वयं टीम के साथ रहकर सैनिटाइज कराया। इस दौरान मंदिर, मस्जिद व अन्य तमाम धामिक स्थलों, सार्वजनिक स्थलों में भी सैनिटाइजर का छिड़काव कराया इस दौरान स्वयं सहायता समुह से जुड़ी महिलाएं निर्मला यादव, किरण व संगीता शुक्ला भी योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की टीम सुबह ही वार्ड में आ जाती है। एक राउंड पूरा हो चुका है।

सभी करें सहयोग

वार्ड पांच से पार्षद विनय कांबोज व वार्ड आठ से विनोद मरवाह का कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए सैनिटाइजर का छिड़काव जरूरी है। वे स्वयं साथ रहकर अपने वार्ड की हर गली को सैनिटाइज करवा रहे हैं। उन क्षेत्रों में अधिक ध्यान दिया जा रहा है जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या अधिक है। हमारा प्रयास है कि एक भी बिना सैनिटाइजेशन के न छूटे। कोरोना को हराने के लिए हम सभी को मिलजुलकर प्रयास करने चाहिए।

सैनिटाइजर के छिड़काव के लिए टीमें बनाई हैं

नगर निगम के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर सुरेंद्र चौपड़ा ने बताया कि अलग-अलग वार्ड में सैनिटाइजर के छिड़काव के लिए टीमें बनाई हुई हैं। नगर निगम एरिया में सैनिटाइजेशन का एक राउंड पूरा हो चुका है। पांच हजार लीटर सैनिटाइजर की डिमांड भेजी हुई है। हर वार्ड की प्रत्येक गली व सार्वजनिक स्थलों पर छिड़काव कराया जा रहा है। कोरोना से बचाव के लिए जनता भी सहयोग करे। बेवजह घरों से बाहर न निकलें। मास्क का प्रयोग अवश्य करें। प्रयोग करने के बाद मास्क खुले में न फेंके।

chat bot
आपका साथी