निगम के 100 कर्मचारियों ने खेड़ा बाजार में की सफाई

100 दिन स्वच्छता के विशेष सफाई अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों की सफाई की जा रही है। हर रोज जहां वार्डों में सफाई की जा रही है वहीं हर वीरवार शहर के सार्वजनिक स्थानों को साफ कर चकाचक किया जा रहा है। इसी कड़ी में निगम के 100 कर्मचारियों ने लगभग तीन घंटे तक सफाई कर जगाधरी के खेड़ा बाजार का चमकाया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 08 Oct 2021 07:05 AM (IST) Updated:Fri, 08 Oct 2021 02:57 PM (IST)
निगम के 100 कर्मचारियों ने खेड़ा बाजार में की सफाई
निगम के 100 कर्मचारियों ने खेड़ा बाजार में की सफाई

जागरण संवाददाता, यमुनानगर :

100 दिन स्वच्छता के विशेष सफाई अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों की सफाई की जा रही है। हर रोज जहां वार्डों में सफाई की जा रही है, वहीं हर वीरवार शहर के सार्वजनिक स्थानों को साफ कर चकाचक किया जा रहा है। इसी कड़ी में निगम के 100 कर्मचारियों ने लगभग तीन घंटे तक सफाई कर जगाधरी के खेड़ा बाजार का चमकाया। कर्मचारियों ने खेड़ा बाजार के साथ आसपास लगती कालोनियों व क्षेत्र की कई सड़कों को चकाचक किया।

सुबह करीब छह बजे निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह के नेतृत्व में 100 कर्मचारी जगाधरी के खेड़ा बाजार पहुंचे। निगम अधिकारियों ने पहले कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाकर टीमें बनाई। सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, प्रदीप दहिया, बिट्टू, सतबीर, फूल सिंह, सचिन कांबोज, कृष्ण कुमार, सुमित बेंस की देखरेख में कर्मचारियों ने खेड़ा बाजार में सड़क व सड़क के दोनों तरफ से सफाई की। निगम कर्मियों ने इस दौरान खेड़ा बाजार के आसपास की कालोनियों व सड़कों की भी सफाई की। कर्मियों ने यहां लंबे समय से जमी गंदगी, जाम नालियों व सड़कों किनारे उगी झाड़ियों और घास काटकर सफाई की। सफाई के बाद निकले कचरे को निगम कर्मियों ने ट्रैक्टर ट्राली के माध्यम से कचरा निस्तारण प्लांट में पहुंचाया।

निगमायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि हम अपने शहर को साफ, सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए अहम प्रयास कर रहे हैं। इसको लेकर निगम की ओर से यह स्वच्छता अभियान चलाया हुआ है। यह सफाई अभियान 28 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत 14 अक्टूबर को शहीद भगत सिंह चौक से महाराणा प्रताप चौक तक, 21 अक्टूबर जगाधरी झंडा चौक से पत्थरों वाला बाजार व 28 अक्टूबर को संतपुरा गुरुद्वारा से एमएलएन कालेज तक सफाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी