सोशल मीडिया पर दिखाया हथियार तो जाएंगे जेल

जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसके लिए 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Jul 2020 06:07 PM (IST) Updated:Wed, 08 Jul 2020 06:09 PM (IST)
सोशल मीडिया पर दिखाया हथियार तो जाएंगे जेल
सोशल मीडिया पर दिखाया हथियार तो जाएंगे जेल

जागरण संवाददाता, सोनीपत : जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसके लिए 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि सोशल मीडिया पर भी लोग वैध-अवैध हथियारों के साथ फोटो डालकर दिखावा करते हैं। इस पर भी पुलिस नजर रख रही है। यदि किसी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हथियारों की नुमाइश या उसके साथ फोटो मिली तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा और उन्हें जेल भेजा जाएगा।

एसपी रंधावा ने बताया कि अवैध शस्त्र के कारण अपराध में इजाफा हो रहा है और संगीन वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। इसके मद्देनजर अवैध शस्त्रों को खोज निकालने और अवैध शस्त्र लेकर चलने वालों की धरपकड़ के लिए 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि एक अवैध शस्त्र पकड़ने का मतलब कम से कम एक हत्या या लूट की वारदात को रोकना है। आजकल लोग सोशल मीडिया के माध्यम से हथियारों की खूब नुमाइश करने लगे हैं। इससे लोगों में खासकर युवा वर्ग में गलत संदेश जाता है। उनमें हथियारों के प्रति आकर्षण बढ़ता है और वे अपराध की ओर मुड़ सकते हैं। इसलिए सोशल मीडिया में हथियारों की नुमाइश करने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं, यदि कोई लाइसेंस धारक व्यक्ति भी सोशल मीडिया में शस्त्र के साथ फोटो डालता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी और उसका लाइसेंस भी रद कर दिया जाएगा। सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम :

एसपी रंधावा ने आम लोगों से भी अवैध शस्त्र के संबंध में जानकारी देने की अपील की। उन्होंने बताया कि जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और उन्हें उचित इनाम भी दिया जाएगा। इस संबंध में किसी प्रकार की जानकारी 100 नंबर के अलावा उनके मोबाइल नंबर पर भी दे सकते हैं।

chat bot
आपका साथी