नारी शक्ति को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

जागरण संवाददाता सोनीपत बाल कल्याण विभाग की ओर से लड़कियों व महिलाओं के लिए मिशन दुर्गा

By JagranEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 07:14 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 07:14 PM (IST)
नारी शक्ति को सिखाए आत्मरक्षा के गुर
नारी शक्ति को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

जागरण संवाददाता, सोनीपत : बाल कल्याण विभाग की ओर से लड़कियों व महिलाओं के लिए मिशन दुर्गा शक्ति आत्मरक्षा ट्रेनिग कैंप का आयोजन जानकीदास कपूर पब्लिक स्कूल में किया गया। जिला बाल कल्याण परिषद के तत्वावधान में इसमें नेशनल तांगसूडो फेडरेशन आफ इंडिया व रोटरी क्लब आफ सोनीपत के सहयोग से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आयोजन में लड़कियों को विपरीत हालात में आत्मबल के साथ मुकाबला करने और साहस का परिचय देने को प्रेरित किया गया।

जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने बताया कि कैंप में 150 से ज्यादा लड़कियां आत्मरक्षा की तकनीक सीख रही हैं। वर्तमान में महिलाओं से छेड़छाड़ और अपराध के समाचार आए दिन सामने आ रहे हैं। यदि महिलाएं अपना आत्मबल मजबूत रखें और हौसला बुलंद हो तो ऐसी स्थिति का आसानी से सामना किया जा सकता है। लड़कियों को विपरीत हालात से निपटने में पारंगत होने की जरूरत है। यदि वह मार्शल आर्ट की जानकार हों तो सामने वाले का मुकाबला करने में सक्षम हो सकती हैं।

इस ट्रेनिग कैंप में अंतरराष्ट्रीय कोच ग्रैंड मास्टर मनोज जांगड़ा लड़कियों को आत्मरक्षा की ट्रेनिग दे रहे हैं। प्रशिक्षक ग्रैंड मास्टर मनोज जांगड़ा ने बताया कि मंगलवार को उन्होंने तांगसूडो मार्शल आर्ट की तकनीक की जानकारी के साथ-साथ शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने की विधियों से अवगत कराया। स्वस्थ शरीर होने पर किसी भी विपरीत परिस्थिति व परेशानी का सामना आसानी से किया जा सकता है। स्कूल की प्रिसिपल डा. गीतांजलि ग्रोवर ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों तथा सहयोगी स्टाफ व अतिथियों का धन्यवाद किया।

इस अवसर पर प्रोग्राम आफिसर संदीप सरोहा, असिस्टेंट प्रोग्राम आफिसर धर्मपाल सिंह, एडवोकेट राज कुमार पांचाल, पूनम पांचाल, कन्वीनर अनीता चौहान, पूनम जांगड़ा, पूनम शर्मा, रीना चौधरी, मधुमिता मित्रा, गीतिका, कौशल जांगड़ा मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी