बातों में संक्रमण का डर, लोग शहर में घूम रहे निडर

कोई न तो मास्क लगाने को गंभीर है और न ही सैनिटाइजर का प्रयोग करने को। नाइट क‌र्फ्यू का भी पालन नहीं किया जा रहा है। यही कारण है संक्रमितों की संख्या रोजाना बढ़ रही है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 08:14 PM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 08:14 PM (IST)
बातों  में संक्रमण का डर, लोग शहर में घूम रहे निडर
बातों में संक्रमण का डर, लोग शहर में घूम रहे निडर

जागरण संवाददाता, सोनीपत : पिछले साल कोरोना का पहला संक्रमित सामने आने पर जिस जिले में हड़कंप मच गया था। लोग खुद ही घरों में कैद हो गए थे। कालोनियों में नो-एंट्री के बोर्ड लग गए थे। उसी जिले में 880 संक्रमित मिलने और श्मशान में शवों की लाइनें लगने के बावजूद लोग लापरवाह बने हैं। कोई न तो मास्क लगाने को गंभीर है और न ही सैनिटाइजर का प्रयोग करने को। नाइट क‌र्फ्यू का भी पालन नहीं किया जा रहा है। यही कारण है संक्रमितों की संख्या रोजाना बढ़ रही है। लोग जहां मनमानी पर उतारू हैं, वहीं पुलिस-प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अफसर आदेश जारी कर अपना कर्तव्य पूरा कर रहे हैं। दैनिक जागरण से बुधवार को शहर के कई स्थानों पर पड़ताल की।

-------

कच्चे क्वार्टर बाजार

कच्चे क्वार्टर में लापरवाही की भरमार है। यहां सुबह से देर शाम तक खरीदारी करने वालों की भीड़ लगी रहती है। संकरी गलियों से होकर निकलने में शारीरिक दूरी के नियम का तो पालन हो ही नहीं सकता है। उसके साथ ही ज्यादातर लोग बिना मास्क के दिखाई दिए। सार्वजनिक रूप से खांसते और हाथ मिलाते भी देखे गए। इस बाजार में लोगों को देखकर कोई अंदाजा नहीं लगा सकता है कि कोरोना का संक्रमण फैला हुआ है।

----------

सब्जी मंडी -

सब्जी और फल खरीदने के लिए सुबह-शाम सैकड़ों की भीड़ यहां पर जुटी है। सब्जी-फल बेचने वाले चिल्लाते हैं और जोरों से आवाज लगाते हैं। लोग एक-दूसरे से भिड़कर निकलते हैं। ज्यादातर लोग बिना मास्क के होते हैं। जिनके पास मास्क होता भी है, वह नाक और मुंह से लटकाकर चलते हैं। वहीं फलों को कई लोग एक के बाद एक को उठाकर देखते हैं। खरबूजे को तो लोग नाक से लगाकर सूंघते हैं। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा यहां लगातार बना रहता है।

..

नागरिक अस्पताल -

यह जिले का सबसे संवेदनशील क्षेत्र है। यहां पर कोविड सेंटर होने से रोजाना दर्जनों लोगों को भर्ती किया जाता है। वहीं कोरोना से मरने वालों के शव यहीं पर आते हैं। कोरोना का टेस्ट कराने के लिए यहां पर दिनभर भीड़ लगी रहती है। अस्पताल परिसर होने के कारण यहां पर लोग मास्क तो लगाते हैं, लेकिन शारीरिक दूरी से किसी का लेना-देना नहीं है। लोग निर्देशों के बावजूद मनमानी पर उतारे रहते हैं।

----

गन्नौर सब्जी मंडी

संस, गन्नौर : गन्नौर सब्जी मंडी में भी बिना मास्क और शारीरिक दूरी के लोग सब्जी खरीदते देखे गए। ऐसे में पुलिस ने बगैर मास्क पहनकर घूमने वालों, शारीरिक दूरी व यातायात नियमों का पालन न करने वालों के चालान काटे। बुधवार को पुलिस अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया। इस दौरान 60 से अधिक लोगों के चालान काटे गए। साथ ही उन्हें मास्क भी वितरित किए गए। गन्नौर थाना प्रभारी वजीर सिंह ने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

--------------

कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। रोजाना सैकड़ों संक्रमित मिल रहे हैं। पुलिस ने अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। जो भी बिना मास्क लगाए, सही तरीके से मास्क नहीं लगाए और शारीरिक दूरी का पालन करता हुआ नहीं मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डा. रवींद्र कुमार, डीएसपी सिटी

chat bot
आपका साथी