नौ महीने के बच्चे का अपहरण, फरार पड़ोसी दंपती पर शक

कुंडली थाना क्षेत्र से नौ महीने का बच्चा गायब हो गया। बच्चे के अपहरण का शक पड़ोसी दंपती पर है। बच्चा गायब होने के बाद से पड़ोसी दंपती भी फरार है और उसके किराये के मकान में ताला लगा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 08 Nov 2021 06:05 PM (IST) Updated:Mon, 08 Nov 2021 06:05 PM (IST)
नौ महीने के बच्चे का अपहरण, फरार पड़ोसी दंपती पर शक
नौ महीने के बच्चे का अपहरण, फरार पड़ोसी दंपती पर शक

जागरण संवाददाता, सोनीपत : कुंडली थाना क्षेत्र से नौ महीने का बच्चा गायब हो गया। बच्चे के अपहरण का शक पड़ोसी दंपती पर है। बच्चा गायब होने के बाद से पड़ोसी दंपती भी फरार है और उसके किराये के मकान में ताला लगा है। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। पुलिस ने बच्चे की मां की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।

कुंडली थाना पुलिस को दी शिकायत में डोली ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के जिला आगरा के गांव खेड़ा राठौर की रहने वाली हैं। वह क्षेत्र के गांव सेरसा में रतन सिंह के मकान में किराये पर रहती हैं और एक निजी कंपनी में काम करती हैं। उनके पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। उनसे उन्हें दो बच्चे हैं। उसके बाद डोली ने नीरज नाम के युवक से दूसरी शादी कर ली। अब उनको नीरज से भी दो बच्चे हैं। इनमें छोटा बेटा कार्तिक नौ महीने का है। सेरसा गांव में ही उनके पड़ोस में उत्तर प्रदेश के ही हाथरस जिला के गांव सुल्तानपुर खेड़ा के रहने वाले कृष्ण कुमार अपनी पत्नी के साथ रहता था। कृष्ण कुमार और उसकी पत्नी बबीता का उनके घर आना-जाना था।

डोली ने बताया कि सात नवंबर की शाम को करीब चार बजे कार्तिक को उनकी बड़ी बहन मिष्ठी घर के बाहर गोद में लिए खड़ी थी। इसी दौरान पड़ोसी बबीता ने खेलाने के बहाने से बच्चे को ले लिया। कुछ देर बाद उसने मिष्ठी से कहा कि बच्चे ने अपने कपड़े खराब कर लिए है। घर से दूसरे लेकर आए। जब मिष्ठी कपड़ा लेकर लौटी तो वहां पर बबीता नहीं थी। उसके कमरे पर भी ताला लटका था और उसका पति कृष्ण भी गायब था। डोली ने बबीता व उसके पति पर बच्चे के अपहरण का आरोप लगाया है। दंपती के पास नहीं है अपना बच्चा :

डोली के भाई अभिषेक ने बताया कि कृष्ण व बबीता के पास बच्चा नहीं है। उनकी शादी कई साल पहले हो चुकी है। उन्हें अंदेशा है कि बच्चा नहीं होने के चलते ही वह उनके भांजे का अपहरण कर फरार हो गए हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द उनका पता लगाकर गिरफ्तार करने व बच्चे को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है।

शिकायत के आधार पर बच्चे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसको हर संभव स्थान पर तलाश किया जा रहा है। मोबाइल लोकेशन पर सर्विलांस टीम काम कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी चेक की जा रही है। एक टीम को उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है।

- रवि कुमार, एसएचओ, थाना कुंडली।

chat bot
आपका साथी