केजीपी पर कंटेनर से टकराई ईको, एक की मौत, नौ घायल

कामगारों को उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत से सोनीपत में धान की फसल की कटाई-गहाई के लिए लाया जा रहा था। दुर्घटना के बाद कामगारों को ला रहा ठेकेदार और वैन का चालक फरार हो गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 05:30 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 05:30 PM (IST)
केजीपी पर कंटेनर से टकराई ईको, एक की मौत, नौ घायल
केजीपी पर कंटेनर से टकराई ईको, एक की मौत, नौ घायल

जागरण संवाददाता, सोनीपत : केजीपी (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) एक्सप्रेस-वे पर अवैध रूप से पार्क किए गए कंटेनर से एक ईको वैन टकरा गई, इस हादसे में ईको में सवार एक कामगार की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कामगारों को उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत से सोनीपत में धान की फसल की कटाई-गहाई के लिए लाया जा रहा था। दुर्घटना के बाद कामगारों को ला रहा ठेकेदार और वैन का चालक फरार हो गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

माखनलाल ने बताया कि वह सभी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के गांव कुडोल के रहने वाले हैं। वह हर साल सोनीपत में धान की फसल की कटाई के लिए आते हैं। इस बार भी ठेकेदार ने उनको सोनीपत बुलाया था। उसने सभी कामगारों को लेने के लिए सोनीपत से ईको वैन भेज दी थी। रात में कुल दस कामगार ईको में सवार होकर सोनीपत को चले थे। सुबह को करीब पांच बजे उनकी वैन केजीपी पर यमुना पार करके टोल पर पहुंचने वाली थी। इस दौरान एक चालक ने अपना कंटेनर अवैध रूप से केजीपी पर खड़ा किया हुआ था। इस दौरान ईको कंटेनर से टकरा गई। इससे इको में सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इको का चालक और कामगारों को लेकर आ रहा ठेकेदार एक वाहन में बैठकर भाग गए। कामगारों को घायल पड़े देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर 18 वर्षीय अर्जुन को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं सुखदेव, सुखवीर, सुरेंद्र, सोनू, राकेश, देवेंद्र, विमलेश, माखनलाल व राजेश घायल हो गए। घायलों का उपचार किया जा रहा है। ठेकेदार और हाईवे पर अवैध रूप से कंटेनर को पार्क करने वाले चालक की पुलिस तलाश कर रही है।

chat bot
आपका साथी