प्रदर्शनकारी आज रोकेंगे ट्रेनें, प्रशासन ने पुख्ता की सुरक्षा व्यवस्था

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक जाम करेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 08:24 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 08:24 PM (IST)
प्रदर्शनकारी आज रोकेंगे ट्रेनें, प्रशासन ने पुख्ता की सुरक्षा व्यवस्था
प्रदर्शनकारी आज रोकेंगे ट्रेनें, प्रशासन ने पुख्ता की सुरक्षा व्यवस्था

जागरण संवाददाता, सोनीपत : संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक जाम करेंगे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारियों और पुलिस को मिलाकर प्रशासन ने 12 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। ये अपने इलाकों में घूमकर दिनभर गश्त करेंगे।

संयुक्त किसान मोर्चा ने रविवार को जारी बयान में कहा कि लखीमपुर खीरी नरसंहार मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी को मंत्री पद से बर्खास्त करके तुरंत गिरफ्तार करने की मांग समेत न्याय सुनिश्चित करने के लिए घोषित कार्यक्रम के तहत 18 अक्टूबर को रेल सेवाएं बाधित की जाएंगी। साथ ही दोहराया कि रेल संपत्ति को बिना क्षति पहुंचाए रेल रोको शांतिपूर्ण रहेगा। संयुक्त किसान मोर्चा समन्वय समिति के सदस्य बलबीर राजेवाल ने बताया कि अजय मिश्रा टेनी और उनका बेटा, आशीष मिश्रा लखीमपुर खीरी हत्याकांड का मुख्य आरोपी हैं। इन पर कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर रेल रोकी जाएंगी। मोर्चा ने कहा कि हत्याकांड में मारे गए लोगों की अस्थियों के साथ उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों में विभिन्न मार्गों पर शहीद कलश यात्राएं निकाली जा रही है। चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी नीरज के साथ शुगर मिल सोनीपत के एमडी जितेंद्र जोशी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है। कुंडली थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सुभाष चंद्र, थाना गोहाना क्षेत्र में थाना प्रभारी विवेक मलिक के साथ बीडीपीओ द्विजा, थाना सदर सोनीपत क्षेत्र में थाना प्रभारी बदन सिंह के साथ डीईटीसी नरेश कुमार को बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया है। राई थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह के साथ रोडवेज जीएम राहुल जैन, मुरथल थाना क्षेत्र में एडिशनल थाना प्रभारी सुरेंद्र के साथ जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन हरभजन सिंह, थाना बड़ी क्षेत्र में थाना प्रभारी देवेंद्र के साथ जिला वन अधिकारी राजेश वत्स, थाना गन्नौर क्षेत्र में थाना प्रभारी सुनील कुमार के साथ डीटीपी नरेश कुमार को बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है। मोहाना थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी अशोक कुमार के साथ पंचायती राज के एक्सईएन कुलबीर सिंह, थाना गोहाना शहर क्षेत्र में थाना प्रभारी सत्यवान के साथ एचएसवीपी के एक्सईएन पवन कुमार, बरोदा थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी रविद्र के साथ जिला बागवानी अधिकारी राकेश कुमार, थाना सेक्टर-27 क्षेत्र में थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के साथ एचएसआईआईडीसी राई के वरिष्ठ प्रबंधक वीरेंद्र कादियान को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है। गोहाना में होगा प्रदर्शन

भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अशोक लठवाल ने बताया कि सोनीपत व गोहाना में ट्रेनों को नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों का पीआर धान खरीदने में आनाकानी की जा रही है। बाजरे की सरकारी खरीद बंद कर दी गई है। शहर थाना के प्रभारी सत्यवान ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर थाना के अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए हैं।

chat bot
आपका साथी