यमुना में नहाने आया इंजीनियर डूबा

संदीप की करीब डेढ़ साल पहले मनीषा के साथ शादी हुई थी। उनके परिवार में मान्यता है कि शादी के बाद दंपती को एक साथ यमुना स्नान करना पड़ता है। संदीप को अपनी कंपनी की तरफ से सोमवार को कनाडा जाना था।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 08:01 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 08:01 PM (IST)
यमुना में नहाने आया इंजीनियर डूबा
यमुना में नहाने आया इंजीनियर डूबा

जागरण संवाददाता, सोनीपत: कनाडा जाने से पहले परिवार की मान्यता पूरी करने यमुना के मिमारपुर घाट पर पत्नी के साथ नहाने आया इंजीनियर पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गया। यमुना में उसकी तलाश की जा रही है। वहीं युवक के स्वजन ने घटना के बाद आरोप लगाया है कि यमुना घाट पर हादसा होने की दशा में बचाव को कोई संसाधन उपलब्ध नहीं है। गोताखार व मोटर बोट से युवक की तलाश की जा रही है।

गांव उमेदगढ़ के रहने वाले संदीप गौतम (30) फरीदाबाद में इंफोसिस कंपनी में इंजीनियर थे और फिलहाल फरीदाबाद में ही रहते था। संदीप की करीब डेढ़ साल पहले मनीषा के साथ शादी हुई थी। उनके परिवार में मान्यता है कि शादी के बाद दंपती को एक साथ यमुना स्नान करना पड़ता है। संदीप को अपनी कंपनी की तरफ से सोमवार को कनाडा जाना था। ऐसे में उसने कनाडा जाने से पहले परिवार की मान्यता को पूरी करने के लिए रविवार को यमुना स्नान का कार्यक्रम बना लिया। वह परिवार के सदस्यों के साथ रविवार सुबह यमुना में स्नान करने गांव मिमारपुर घाट पर आए थे। पत्नी मनीषा ने बताया कि उनके पति उनसे दो कदम आगे चल रहे थे। जब वह यमुना के किनारे पहुंचे तो अचानक पैर फिसलकर यमुना में गिर गए और तेज बहाव के कारण डूब गए। उन्होंने पुलिस व प्रशासन से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई मदद नहीं मिल सकी। ऐसे में उन्होंने निजी गोताखोर बुलाकर संदीप की तलाश शुरू करा दी है, लेकिन उनका कोई पता नहीं लग सका है।

..

यमुना में नहाने आया युवक तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करा दिया गया। गोताखोर व मोटरबोट यहां बाहर से आते हैं। ऐसे में उनके आने में लगने वाले समय की ही देरी हुई है। पुलिस के प्रयासों में किसी तरह की कमी नहीं रही।- सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी, मुरथल।

chat bot
आपका साथी