जेल ब्रेक कांड के आरोपित की गोलियों से भूनकर हत्या

जिले के बहुचर्चित जेल ब्रेक कांड में नामजद रहे अतेंद्र उर्फ चुन्नू की छह हमलावरों ने शनिवार रात को पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 07:08 PM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 07:08 PM (IST)
जेल ब्रेक कांड के आरोपित की गोलियों से भूनकर हत्या
जेल ब्रेक कांड के आरोपित की गोलियों से भूनकर हत्या

जागरण संवाददाता, सोनीपत :

जिले के बहुचर्चित जेल ब्रेक कांड में नामजद रहे अतेंद्र उर्फ चुन्नू की छह हमलावरों ने शनिवार रात को पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी। फिलहाल हत्या के प्रयास के एक मामले में जमानत पर आया अतेंद्र प्रापर्टी डीलिग का काम करता था। वह गोहाना स्थित अपने कार्यालय से अपने गांव किलोहड़द लौट रहा था। उसी समय रास्ते में उस पर हमला किया गया। उसकी पीजीआइ खानपुर में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की मां के बयान पर छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गांव किलोहड़द निवासी सरिता ने मोहाना थाना पुलिस को बताया कि उसका इकलौता बेटा अतेंद्र उर्फ चुन्नू (31) फिलहाल प्रापर्टी डीलिग का काम करता था। शनिवार की सुबह वह गोहाना स्थित अपने कार्यालय पर गया था। तब उसने बताया था कि मुंडलाना का रहने वाला दिनेश और गुमड़ का रहने वाला संदीप उसको मारने की बात कह रहे हैं। अतेंद्र देर शाम को गोहाना से वापस किलोहड़द के लिए चला था। रात को जब वह मोहाना बस अड्डे पर पहुंचा तो एक कार में सवार होकर आए युवकों ने उसको घेर लिया और उस पर गोलियों की बौछार कर दी। हमले में उसे पांच गोली लगी। उसे तुरंत मोहाना के पीएचसी में ले जाया गया, जहां से उसे खानपुर स्थित मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उसकी मौत हो गई। मोहाना थाना पुलिस को शिकायत में सरिता ने दिनेश निवासी मुंडलाना, मुकेश कैरा, सीता, ओमा, अंकित व संदीप गुमड़ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का स्वजनों को सौंप दिया।

जेल ब्रेक कांड समेत कई मामलों में रहा है नामजद

अतेंद्र उर्फ चुन्नू सोनीपत में हुए जेल ब्रेक कांड समेत कई मामलों में नामजद रहा है। उस पर वर्ष 2010 में गन्नौर में हत्या के प्रयास व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, 2010 में सदर थाना सोनीपत व सिविल लाइन थाना में हत्या के दो मुकदमे दर्ज हुए थे। 18 जनवरी, 2012 को उसपर जेल ब्रेक का मुकदमा दर्ज हुआ था। 25 जनवरी, 2011 में सदर थाना में 294, 506, 23 मार्च, 2012 को चोरी के वाहन सहित पकड़ा गया। आठ अप्रैल 2019 को अपहरण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। वह ज्यादातर मामलों में या तो बरी हो चुका है या सजा पूरी कर चुका था। फिलहाल वह आठ अगस्त, 2019 में हुए हत्या के प्रयास के एक मामले में कोर्ट से जमानत पर आया हुआ था।

गोहाना में प्रापर्टी डीलिग करने वाले अतेंद्र उर्फ चुन्नू की रात को पांच गोली मारकर हत्या की गई है। उसका भी आपराधिक रिकार्ड रहा है। युवक की मां ने छह लोगों को नामजद कराया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

- अशोक कुमार, थाना प्रभारी, मोहाना

chat bot
आपका साथी