बरोदा की जनता अपनी सरकार बनाएगी : हुड्डा

प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बरोदा की जनता वर्तमान सरकार में साझेदारी नहीं करेगी बल्कि आने वाले समय में अपनी ही सरकार बनाएगी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Oct 2020 08:00 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 05:08 AM (IST)
बरोदा की जनता अपनी सरकार बनाएगी : हुड्डा
बरोदा की जनता अपनी सरकार बनाएगी : हुड्डा

जागरण संवाददाता, गोहाना : प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बरोदा की जनता वर्तमान सरकार में साझेदारी नहीं करेगी बल्कि आने वाले समय में अपनी ही सरकार बनाएगी। उन्होंने उपचुनाव में कार्यकर्ताओं से सरकार में साझा करने का झांसा देने वालों को सबक सिखाने का आह्वान किया। हुड्डा बुधवार शाम को गोहाना में महम रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में बरोदा हलका के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। हुड्डा ने पार्टी के सैकड़ों नेताओं व कार्यकर्ताओं को चुनावी रण में उतारा।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बरोदा की जनता स्वाभिमानी है और वह भ्रष्टाचार व किसानों का शोषण करने वाली सरकार में साझा नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उपचुनाव को सिर्फ बरोदा ही नहीं बल्कि इसे पूरे हरियाणा के न्याय की लड़ाई समझें। पूरे प्रदेश की जनता बरोदा की तरफ देख रही है। इस उपचुनाव से प्रदेश के राजनीतिक का भविष्य तय होगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। हुड्डा ने कहा न्याय और परिवर्तन की लड़ाई में जनता मेरी ढाल है। हुड्डा ने कहा कि महम के उपचुनाव ने लोकदल सरकार का तख्ता पलटने का काम किया था। उसी तरह बरोदा का उपचुनाव भाजपा-जजपा की सरकार को भी सत्ता से बाहर करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश के किसान चाहते हैं कि पंजाब की तरह हरियाणा में भी कृषि संबंधित 3 कानून निरस्त हो जाएं और न्यूनतम समर्थन मूल्य का कानून बने तो कांग्रेस का साथ दें। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही न्यूनतम समर्थन मूल्य का कानून बना दिया जाएगा। राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बरोदा की जनता को भाजपा से अपनी अनदेखी का बदला लेना होगा। हुड्डा ने उपचुनाव में बरोदा के लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल का साथ देने की अपील की।

chat bot
आपका साथी