भीषण गर्मी में लंबे जाम से हांफा शहर

दुकानों के बाहर सामान रखा जा रहा है। उसके साथ ही वाहनों को सड़कों पर पार्क किया जा रहा है। समझाने के बावजूद लोग नहीं समझ रहे हैं। अब पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की तैयारी की है। हम अभियान चलाकर दुकानों और वाहनों के चालान काटेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 May 2020 05:30 PM (IST) Updated:Wed, 27 May 2020 09:42 PM (IST)
भीषण गर्मी में लंबे जाम से हांफा शहर
भीषण गर्मी में लंबे जाम से हांफा शहर

जागरण संवाददाता, सोनीपत: व्यापारियों की मनमानी और प्रशासन की अव्यवस्था का खामियाजा बुधवार को शहर के लोगों को भुगतना पड़ा। शहर में अप्रत्याशित रूप से लंबा जाम लग गया। गीताभवन चौक से तीनों ओर एक-एक किमी तक वाहन जाम में फंस गए। भीषण गर्मी में जाम में फंसे लोग बिलबिला उठे। दोपहिया वाहनों को भी जाम से निकलने में आधे घंटे से ज्यादा का समय लगा। जाम खुलवाने पहुंचे डीएसपी को भी एक घंटे तक टीम लगाकर मशक्कत करनी पड़ी। नगर निगम की टीम को बुलाकर दुकानदारों का सामान उठवाया गया और सड़क पर खड़ी गाड़ियों के चालान काटे गए।

लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद से शहर में आए दिन जाम लग रहा है। कई बार समझाने के बावजूद दुकानदारों ने अपना सामान बाहर सड़क पर सजा लिया है व उसके बाहर सड़कों पर वाहन खड़े कर दिए। इसके साथ ही बेवजह भी लोग घरों से बाहर वाहन लेकर निकल रहे हैं। इससे शहर में जगह-जगह जाम लग रहा है। बुधवार को दस बजे से ही शहर में जगह-जगह जाम लग गया। सबसे भीषण जाम गीता भवन चौक, सुभाष चौक और देवीलाल चौक पर लगा। यहां पर एक किमी लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहन आड़े-तिरछे फंस गए। ट्रैफिक पुलिस ने जाम को खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।

सूचना पाकर पहुंचे डीएसपी डॉ. रवींद्र ने तीनों एसएचओ और चौकी प्रभारियों को मौके पर बुलाया। पुलिस ने 43 वाहनों के चालान किए। जिन वाहनों के मालिक माइक से एनाउंस करने के बाद भी नहीं आए, उनको पुलिस ने उठवा लिया। दुकानदारों से तत्काल अपना सामान अंदर लगाने की अपील की गई। इसके लिए नगर निगम की टीम को लगाया गया। करीब तीन घंटे में जाम से निजात मिल सकी। प्रशासनिक अदूरदर्शिता भी जिम्मेदार

शहर में जाम लगने में अफसरों की लापरवाही व अदूरदर्शिता भी जिम्मेदार है। डीसी ऑफिस की ओर जाने वाले काफी वाहन रेलवे स्टेशन से होकर आगे निकल जाते थे। इस मार्ग को लॉकडाउन के समय पर बंद कर दिया गया था। उसके बाद से इसको नहीं खोला गया है। इसी तरह एटलस रोड की ओर जाने वाले वाहन सुभाष चौक की बजाय रेलवे स्टेशन से होकर मालगोदाम की ओर से निकल जाते थे। उसको भी बंद किया हुआ है। यह जाम का कारण बन रहा है। दुकानों के बाहर सामान रखा जा रहा है। उसके साथ ही वाहनों को सड़क पर खड़ा किया जा रहा है। समझाने के बावजूद लोग नहीं समझ रहे हैं। अब पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की तैयारी की है। हम अभियान चलाकर दुकानों और वाहनों के चालान काटेंगे।

- डॉ. रवींद्र कुमार, डीएसपी सिटी

chat bot
आपका साथी