व्यापारी बोले पेड पार्किग मंजूर नहीं, अफसरों ने कहा ठेका नहीं होगा रद

जागरण संवाददाता सोनीपत सुभाष चौक के पास शुरू की गई पेड पार्किग का विरोध रुकने का नाम

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 07:17 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 07:17 PM (IST)
व्यापारी बोले पेड पार्किग मंजूर नहीं, अफसरों ने कहा ठेका नहीं होगा रद
व्यापारी बोले पेड पार्किग मंजूर नहीं, अफसरों ने कहा ठेका नहीं होगा रद

जागरण संवाददाता, सोनीपत : सुभाष चौक के पास शुरू की गई पेड पार्किग का विरोध रुकने का नाम नहीं ले रहा। एक दिन पहले ही जहां व्यापारियों ने निगम के खिलाफ नारेबाजी कर पार्किग के लिए लगाए गए तारों को मेयर के हाथों काटकर हटवा दिया था। अब मंगलवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के नेतृत्व में व्यापारी नगर निगम अधिकारियों से मिलने पहुंचे। व्यापारियों ने कहा कि मार्केट के पास पेड पार्किग किसी भी हालत में मंजूर नहीं है। वहीं, अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि पार्किग का ठेका रद नहीं होगा, लेकिन इतना जरूर है कि व्यापारियों को अन्य जो आपत्तियां दर्ज कराई हैं, उनका हल किया जाएगा।

सुभाष चौक के पास पेड पार्किग चलाने का विरोध कर रहे व्यापारी मंगलवार को व्यापार मंडल के नेतृत्व में व्यापारी निगम पहुंचे और अधिकारियों से टेंडर रद करने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने पार्किग ठेका रद न होने और अन्य समस्याओं का हल करने की बात कही। व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिगला व अन्य व्यापारियों ने कहा कि यदि पार्किग शुल्क वसूलने की कोशिश की गई तो इसका विरोध होगा। नगर निगम ने 75 हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से ठेका आवंटित किया है। निगम की तरफ से वर्क आर्डर जारी किए जाने के बाद ठेकेदार ने रविवार रात सुभाष चौक के पास दुकानों के सामने कंटीले तारों की बाउंड्री करके पेड पार्किग की व्यवस्था शुरू कर दी थी। इसके विरोध में व्यापारी धरने पर बैठ गए थे।

व्यापारियों के धरने की सूचना के बाद मौके पर खरखौदा के विधायक जयवीर सिंह व नगर निगम मेयर निखिल मदान पहुंचे और पार्किग के लिए ठेकेदार की तरफ से लगाई कंटीली तारों को खुद काट दिया था।

वर्जन

व्यापारियों की सुविधा व जाम से बचने के लिए पार्किग की बेहतर व्यवस्था के लिए टेंडर दिया गया है। टेंडर को रद नहीं किया जाएगा। यदि किसी व्यापारी को कोई आपत्ति है तो उसका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। पार्किग का ठेका जारी रहेगा।

-सुभाष चंद्र, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम ---

chat bot
आपका साथी