तीन महीने में 20 शिकायत, फिर भी नहीं हुआ सीवर साफ
सीवर का दूषित पानी भरने से परेशान सिक्का कालोनी में रहने वाले अंकुश ने तीन महीने में 20 बार निगम में शिकायत दी लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। निगम की ओर से शिकायत नंबर भी अंकुश को दिया गया बावजूद समस्या ज्यों की त्यों रही।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : सीवर का दूषित पानी भरने से परेशान सिक्का कालोनी में रहने वाले अंकुश ने तीन महीने में 20 बार निगम में शिकायत दी लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। निगम की ओर से शिकायत नंबर भी अंकुश को दिया गया बावजूद समस्या ज्यों की त्यों रही। शिकायत मिलने के बावजूद किसी अधिकारी ने मौके पर जाकर देखने तक की जहमत नहीं उठाई। वहीं हेल्पलाइन नंबर में तकनीकी खामी होने के चलते रोहतक नगर निगम में फोन लग रहा है।
सिक्का कालोनी की गुजरिया अस्पताल वाली गली में सीवर व्यवस्था कई महीनों से ध्वस्त है। क्षेत्र के रहने वाले अंकुश ने इसको लेकर दिसंबर, 2020 में शिकायत दी। इसके बाद कोई समाधान नहीं हुआ तो दो बार और शिकायत दी। इसके बाद कुछ कर्मचारी मौके पर आए। सीवर का ढक्कन खोलकर कुछ कचरा निकाला। इसके बाद कर्मचारी वापस लौट गए। कुछ देर बाद फिर से सीवर ओवरफ्लो होकर पानी गलियों में बहने लगा। इसके बाद जनवरी में भी अंकुश ने छह बार शिकायत दी। इस बार भी कोई समाधान नहीं हो पाया। कई बार अधिकारियों से मिलने नगर निगम में भी गए। वहां अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन कोई समाधान इस बार भी नहीं निकल पाया। इसके बाद फरवरी में अब तक 11 बार शिकायत दे चुके हैं। इसके बाद भी अब तक किसी अधिकारी ने मौके का निरीक्षण तक नहीं किया है। क्षेत्रवासी बदबू से परेशान हैं, गलियों से निकलना तक दूभर हो गया है। वहीं, नगर निगम की ओर से सीवर व पेयजल की समस्या के लिए जारी किए गए 14420 हेल्पलाइन नंबर में भी तकनीकी खराबी है, जिसके चलते फोन काल रोहतक नगर निगम में लग रही है। दैनिक जागरण की ओर से इसकी पड़ताल के लिए काल की गई तो काल रोहतक नगर निगम में ही कनेक्ट हुआ।