कुंडली बार्डर पर युवक की हत्या के दो और आरोपित निहंगों ने किया सरेंडर

कुंडली बार्डर पर प्रदर्शन स्थल पर पंजाब के युवक की हत्या के आरोपित दो और निहंगों भगवंत और गोविंद प्रीत ने शनिवार देर रात को कुंडली थाने में सरेंडर कर दिया। वहीं शुक्रवार को गिरफ्तार निहंग को पुलिस ने शनिवार दोपहर को कोर्ट में पेश किया!

By Pradeep ChauhanEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 10:31 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 10:31 PM (IST)
कुंडली बार्डर पर युवक की हत्या के दो और आरोपित निहंगों ने किया सरेंडर
हत्या के दो और निहंगों भगवंत सिंह और गोविंद प्रीत ने कुंडली थाने में सरेंडर किया।

सोनीपत, जागरण संवाददाता। कुंडली बार्डर पर प्रदर्शन स्थल पर पंजाब के युवक की हत्या के आरोपित दो और निहंगों भगवंत और गोविंद प्रीत ने शनिवार देर रात को कुंडली थाने में सरेंडर कर दिया। वहीं शुक्रवार को गिरफ्तार निहंग को पुलिस ने शनिवार दोपहर को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सात दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपित ने पुलिस को तीन आरोपितों के नाम बताए हैं और चार अन्य को चेहरे से पहचाने की बात स्वीकारी है।

पुलिस की तीन टीमों ने अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश तेज कर दी है। पुलिस ने अभी तक किसी अन्य किसी नाम का खुलासा नहीं किया है। निहंगों ने वीडियो वायरल कर धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी का आरोप लगाकर युवक की हत्या करना स्वीकार किया है। कुंडली बार्डर पर जारी किसान आंदोलन स्थल के पास पंजाब के तरनतारन के गांव चीमा खुर्द के लखबीर सिंह (35) की शुक्रवार तड़के हत्या कर दी गई थी।

हत्या का आरोप निहंगों पर लगा था। लखबीर पर धार्मिक ग्रंथ से बेअदबी करने का आरोप लगाकर हत्या की गई थी। आरोपितों ने इसके वीडियो भी बनाकर वायरल किए थे। आरोपित निहंग सरबजीत सिंह ने शुक्रवार देर शाम आत्मसमर्पण कर दिया था। वह पंजाब के गुरदासपुर की तहसील बटाला के गांव विठवा का रहने वाला है।शनिवार को सीआइए खरखौदा के प्रभारी योगेंद्र सिंह की टीम ने डीएसपी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में उसे कोर्ट में पेश किया गया। उसे सिविल जज (जूनियर डिवीजन) किम्मी सिंगला की कोर्ट में पेश किया गया।

जहां डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने आरोपित को 14 दिन तक रिमांड पर देने की मांग की। कोर्ट ने आरोपित को सात दिन के पुलिस रिमांड पर दिया है। पुलिस ने बताया कि उसके साथियों का पता लगाने के लिए उसे गुरदासपुर व चमकौर साहिब ले जाया जाएगा। वहीं पुलिस ने बताया कि उससे एक तलवार बरामद हुई है। उससे वारदात में प्रयुक्त किया हथियार बरामद किया जाएगा। अदालत ने उसका सात दिन का रिमांड मंजूर कर लिया।

आरोपित की तरफ से पेश हुए अधिवक्ता मोनार्क भारद्वाज ने बताया कि अदालत ने आरोपित का प्रतिदिन मेडिकल कराने, अधिवक्ता को उससे रोजाना मिलाने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही उसकी रोजाना रिपोर्ट भी कोर्ट में देनी होगी। वहीं शनिवार देर रात हत्या के दो और निहंगों पंजाब के फतेहगढ़ साहिब के रहने वाले भगवंत सिंह और गोविंद प्रीत ने कुंडली थाने में सरेंडर कर दिया।

निहंगों ने दोनों को सिरोपा पहनाया और उन्हें कुंडली थाने में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों को सुरक्षा दृष्टि से सोनीपत ले आई है। रविवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी