देश से बाहर भी चर्चित मुरथल के ढाबे हो रहे बदनाम, देह व्यापार के खुलासे के बाद एसएचओ सस्पेंड

सोनीपत एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने मुरथल एसएचओ अरुण कुमार को निलंबित कर दिया है। यह जानकारी डीएसपी विपिन कादयान ने दी है। इसके साथ ही मुरथल थाना में तैनात सभी पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही हैं।

By Jp YadavEdited By: Publish:Sat, 10 Jul 2021 02:21 PM (IST) Updated:Sat, 10 Jul 2021 02:21 PM (IST)
देश से बाहर भी चर्चित मुरथल के ढाबे हो रहे बदनाम, देह व्यापार के खुलासे के बाद एसएचओ  सस्पेंड
देश से बाहर भी चर्चित मुरथल के ढाबे हो रहे बदनाम, देह व्यापार के खुलासे के बाद एसएचओ सस्पेंड

सोनीपत [डीपी आर्य]। दिल्ली से सटे सोनीपत जिले के  मुरथल स्थित ढाबों में चल रहे देह व्यापार और ताश के जुए का मामला गरमाता जा रहा है। सीएम फ्लाइंग की रेड के बाद हुआ मुरथल के कई ढाबों में देह व्यापार के धंधे का खुलासा हुआ था। इस बीच ताजा घटनाक्रम में सोनीपत एसपी जश्नदीप रंधावा की बड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत सोनीपत एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने मुरथल एसएचओ अरुण कुमार को निलंबित कर दिया है। यह जानकारी डीएसपी विपिन कादयान ने दी है। इसके साथ ही मुरथल थाना में तैनात सभी पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही हैं, संलिप्तता पाए जाने पर मुरथल थाना पुलिस कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की गाज गिर सकती है।

इससे पहले जीटी रोड स्थित मुरथल के तीन ढाबों से देहव्यापार में संलिप्त पकड़ी गईं तीनों विदेशी लड़कियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि अन्य नौ लड़कियों को जमानत मिल गई। इसके अलावा जुआ खेलते पकड़े गए सभी युवकों को भी जमानत मिल गई है।

मुरथल के ढाबों पर उज्बेकिस्तान, तुर्की व नेपाल के साथ दिल्ली व गुरुग्राम की लड़कियों से देह व्यापार कराया जा रहा था। ढाबों को किराए पर लेकर इनमें अनैतिक कार्य कराया जाता है। लड़कियां अपने गाइड के माध्यम से इस धंधे को चला रही थीं। गाइड वाट्सएप ग्रुप बनाकर उन्हें दिल्ली के साथ मुरथल व अन्य स्थानों पर भेजते थे। जांच में पता लगा कि मुरथल के ढाबों पर देह व्यापार व जुआ एक माह से चल रहा था। जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में छापा मारा था, जिसमें स्थानीय पुलिस के साथ ही एसडीएम शशि वंसुधरा व बाल सरंक्षण अधिकारी रितू को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया था।

टीम की मुरथल स्थित हैप्पी, राजा और होटल वेस्ट इन ढाबों पर कार्रवाई में 12 युवतियां व पांच युवकों को पकड़ा था, जिनमें दो उजबेकिस्तान, एक तुर्की व दो नेपाल की हैं। अन्य लड़की दिल्ली, महाराष्ट्र व पश्चिम बंगाल की हैं। वहीं युवक सोनीपत, महेंद्रगढ़ व कुरुक्षेत्र से हैं। विदेशी लड़कियों के अवैध रूप से रहने के बारे में पुलिस जांच करेगी। तीन ढाबा मैनेजरों को रिमांड पर लिया गया है।

chat bot
आपका साथी