Sonipat News: घरेलु विवाद में सिक्योरिटी गार्ड पति ने पत्नी की गोलीमार कर की हत्या, आरोपित फरार
मुरथल थानाक्षेत्र के गांव ताजपुर में मंगलवार शाम को महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से उसका पति फरार है। मृतका का पति एक सिक्योरिटी कंपनी में गनमैन है। मृतका के स्वजन पानीपत से मौके पर पहुंच गए हैं।
सोनीपत [डीपी आर्य]। मुरथल थानाक्षेत्र के गांव ताजपुर में मंगलवार शाम को महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से उसका पति फरार है। मृतका का पति एक सिक्योरिटी कंपनी में गनमैन है। मृतका के स्वजन पानीपत से मौके पर पहुंच गए हैं। मृतका का विवाह 10 साल पहले हुआ था। पति-पत्नी में काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस को मौके से कोई हथियार नहीं मिला है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस शिकायत मिलने का इंतजार कर रही थी।
ताजपुर का रहने वाला देवेंद्र त्यागी पुत्र सियानंद एक सिक्योरिटी कंपनी में गनमैन है। उसका विवाह करीब 10 साल पहले पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र के गांव ताजपुर-टोली की रीना त्यागी से हुआ था। देवेंद्र अपने दोनों भाइयों से अलग मकान में पत्नी रीना के साथ रहता था। उसको आठ वर्षीय कीर्ति और पांच वर्षीय अभिषेक दो बच्चे हैं। घटना शाम करीब पांच बजे की है।
उस समय दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी तो वह मौके पर पहुंचे। देवेंद्र के घर की गैलरी में उसकी पत्नी रीना त्यागी (30) का शव पड़ा था। उसको तीन गोली मारी गई थीं, जिनमें से एक गोली आंख के पास से सिर में घुस गई थी। गैलरी में ही खून फैला पड़ा था। पुलिस को मौके पर कोई हथियार नहीं मिला है। घटना के बाद से मृतका का पति देवेंद्र त्यागी फरार है।
हत्या की सूचना पर एसएचओ मुरथल सुखवीर सिंह और एएसपी उपासना सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस मौके पर जांच कर रही है। मृतका के स्वजन भी पानीपत से पहुंच गए हैं। समाचार लिखे जाने तक किसी ने पुलिस को शिकायत नहीं दी है। घटना केे समय देवेंद्र की भतीजी मौके पर थी। उसने बाहर खेल रहे कीर्ति और अभिषेक को बताया कि उसकी मम्मी को गोली मार दी है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि देवेंद्र और रीना में झगड़ा रहता था। हमको सूचना मिली कि रीना की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना के बाद हम मौके पर पहुंचे हैं। यहां पर रीना का गोली लगा शव पड़ा हुआ मिला। देवेंद्र मौके से फरार है। हम पता करा रहे हैं कि किसने वारदात की है। उसके बाद पुलिस को शिकायत देंगे। - धर्मपाल त्यागी, मृतका का भाई। रीना पत्नी देवेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतका का पति फरार है। हमारी टीम मामले की पड़ताल कर रही है। अभी किसी ने वारदात की शिकायत नहीं दी है। एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उपासना सिंह, एएसपी - सोनीपत।