Kisan Andolan: मनबढ़ आंदोलनकारियों ने क्रेन चालक पर किया गंडासे से हमला, हालत गंभीर

Kisan Andolan कुंडली बार्डर आंदोलन स्थल पर आंदोलनकारियों ने एक क्रेन चालक पर गंडासे से हमला कर घायल कर दिया। गंभीर हालत में घायल को पीजीआइ में भर्ती कराया गया है। कुंडली थाना पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 03 Oct 2021 11:09 AM (IST) Updated:Sun, 03 Oct 2021 11:11 AM (IST)
Kisan Andolan: मनबढ़ आंदोलनकारियों ने क्रेन चालक पर किया गंडासे से हमला, हालत गंभीर
आंदोलनकारियों के हमले में घायल क्रेन चालक राजू की फाइल फोटो

सोनीपत, जागरण संवाददाता। कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन स्थल पर आंदोलनकारियों ने एक क्रेन चालक पर गंडासे से हमला कर घायल कर दिया। गंभीर हालत में घायल को पीजीआइ में भर्ती कराया गया है। जहां पर रात में उसका आपरेशन किया गया है। कुंडली थाना पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल पंजाब के गुरुदासपुर का रहने वाला है और आंदोलनस्थल के पास दुकान पर क्रेन चालक है। राजू ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह पंजाब के गुरुदासपुर का रहने वाला है।

कुंडली बार्डर पर अनिल की सीएनजी और राधे क्रेन सर्विस के नाम से दो दुकानें हैं। वह क्रेन चालक है। शुक्रवार रात को वह आंदोलनस्थल पर लंगर में दाल लेने के लिए गया था। वहां पर सतनाम नाम के आंदोलनकारी से उसका विवाद हो गया। इसी दौरान सतनाम ने अपने साथियों के साथ राजू को घेर लिया और उसके सिर पर गंडासे से कई वार किए। घटना की सूचना मिलने पर क्रेन मालिक अनिल उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे पीजीआइ रेफर कर दिया गया।

पुलिस जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राजू की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उसने पांच युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। हम घटना स्थल की सीसीटीवी फुटेज भी तलाश रहे हैं। हमला करने के आरोपितों की तलाश की जा रही है। बता दें कि पहले भी आंदोलनकारी इस तरह की वारदात को अंजाम देते रहे हैं।

आरोपितों से जान का खतरा

घायल राजू ने आरोपितों से उसकी व दुकान मालिक अनिल की जान का खतरा बताया है। उसका कहना है कि आंदोलनस्थल पर जहां आरोपित रहते हैं, उसके सामने ही उनका कार्यालय है। आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दे रखी है। लहूलुहान हालत में राजू का वीडियो वायरल हो रहा है। उसमें राजू अपने साथ हुई घटना की जानकारी दे रहा है।

chat bot
आपका साथी