लाकडाउन में धंधा मंदा हुआ तो चुराने लगा कृषि यंत्र

कोरोना महामारी में दो बार लगे लाकडाउन से हर वर्ग प्रभावित हुआ। इस पर चार दोस्तों ने कृषि यंत्रों को चोरी करने का रास्ता चुना।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 04:48 PM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 04:48 PM (IST)
लाकडाउन में धंधा मंदा हुआ तो चुराने लगा कृषि यंत्र
लाकडाउन में धंधा मंदा हुआ तो चुराने लगा कृषि यंत्र

जागरण संवाददाता, गोहाना: कोरोना महामारी में दो बार लगे लाकडाउन से हर वर्ग प्रभावित हुआ। इस पर चार दोस्तों ने कृषि यंत्रों को चोरी करने का रास्ता चुना। पुलिस ने गांव कहैल्पा से ट्राली चोरी की घटना में तीन आरोपितों को गिरफ्तार करके चार दिन के रिमांड पर लिया है। गिरोह के सगरना गांव लाठ के सुनील की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। सुनील की गिरफ्तारी के बाद पता चलेगा कि चोरी किए यंत्रों को कहां बेचा गया है।

गांव कहैल्पा के किसान मनीष की ट्राली चोरी कर ली गई थी। उसकी शिकायत पर 17 नवंबर को बरोदा थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच अधिकारी ने पुलिस की टीम के साथ ट्राली चोरी की घटना में गोहाना के सज्जन, अनिल और गांव मदीना के जितेंद्र को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश करके चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गांव लाठ का सुनील मजदूरी करता था। कई बार फेरी लगाकर अलग-अलग सामान बेचता था। गोहाना का अनिल भी सुनील की तरफ काम करता था। दोनों में संपर्क होने पर दोस्ती बढ़ गई। अनिल और सुनील की दोस्ती गोहाना के सज्जन व गांव मदीना के जितेंद्र से थी। लाकडाउन में चारों का काम मंदा हो गया था। उन्होंने अमीर बनने के लिए कृषि यंत्रों को चोरी करने का फैसला लिया। घरों या दुकानों में सेंधमारी उन्होंने जोखिम भरा लगा। युवकों को लगा कि खेतों से किसान रात को लौट जाते हैं और वहां से कृषि यंत्रों को आसानी से चोरी किया जा सकता है। सज्जन एक कंपनी में काम करता था और खेलों में भाग लेता था। वह दौड़ में पदक जीत चुका है। गांव मदीना का जितेंद्र ईंट भट्टे पर ट्रैक्टर चलाता था। आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि उन्होंने करीब छह जगह से कृषि यंत्रों को चोरी किया। चोरी किए गए यंत्रों को गिरोह का सरगना गांव लाठ का सुनील आगे बेचता था। पुलिस सुनील की तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पता चलेगा कि चोरी किए यंत्र कहा हैं और किसे बेचे गए।

ट्राली चोरी की घटना में तीन आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपितों ने लाकडाउन में धंधा कम होने पर चोरी करनी शुरू की थी। गांव लाठ का सुनील पहले रेकी करता और फिर चारों दोस्त कृषि यंत्रों को चोरी करते। सुनील ही यंत्रों को आगे बेचता था। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

- रविद्र, प्रभारी, बरोदा थाना

chat bot
आपका साथी