जिले को जल्द मिलेगी कैथ लैब की सौगात

जिला नागरिक अस्पताल में जल्द ही हृदय रोगियों का इलाज शुरू होगा। इसके लिए चिकित्सा अधिकारियों ने कोरोना के लगातार कम हो रहे नए मामलों के चलते कैथ लैब स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी अनुमति जिला प्रबंधन को पहले ही मिल चुकी है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 08 Jan 2021 05:31 PM (IST) Updated:Fri, 08 Jan 2021 05:31 PM (IST)
जिले को जल्द मिलेगी कैथ लैब की सौगात
जिले को जल्द मिलेगी कैथ लैब की सौगात

जागरण संवाददाता, सोनीपत : जिला नागरिक अस्पताल में जल्द ही हृदय रोगियों का इलाज शुरू होगा। इसके लिए चिकित्सा अधिकारियों ने कोरोना के लगातार कम हो रहे नए मामलों के चलते कैथ लैब स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी अनुमति जिला प्रबंधन को पहले ही मिल चुकी है। चिकित्सा अधिकारियों का दावा है कि अब जल्द नागरिक अस्पताल में पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) माडल पर यहां मरीजों को ईसीजी से लेकर स्टंट डालने तक की चिकित्सा सुविधाएं मिलेगी।

जिला नागरिक अस्पताल 200 से 300 बेड का होने जा रहा है, जिसके लिए प्रशासनिक मंजूरी भी मिल चुकी है। इसके बावजूद यहां अब तक कैथ लैब की सुविधा नहीं है। इस कारण हृदय के रोगियों को इलाज कराने के लिए दिल्ली, रोहतक या निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है। इस कारण उन्हें परेशानी भी होती है और अधिक पैसे भी खर्च करने पड़ते हैं। मरीजों का सस्ता इलाज मिले इसके लिए जिला नागरिक अस्पताल में कैथ लैब खोलने का स्वास्थ्य विभाग ने निर्णय लिया था। इसके लिए स्थानीय अधिकारियों ने अस्पताल में मलेरिया शाखा की बिल्डिंग को चयनित किया जा चुका है, लेकिन कोरोना या इससे पहले अन्य कारणों के चलते लैब स्थापित नहीं हो पाई है। अब कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद चिकित्सा अधिकारियों ने जल्द लैब चालू करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। 12 बेड होंगे स्थापित, 10 करोड़ आएगा खर्च

नागरिक अस्पताल में प्रस्तावित कैथ लैब के लिए 12 बेड चयनित किए गए हैं, जिस पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें से करीब पांच करोड़ की मशीनें अस्पताल में पहुंचेंगी। इसके बाद लैब में एक साथ 12 मरीजों को ईसीजी, एंजियोप्लास्टी, एंजियोग्राफी, पेसमेकर इंप्लांटेशन की सुविधा मिलेगी। पीपीपी माडल पर खुलने वाली इस लैब में मरीजों का बहुत ही कम दरों में इलाज होगा। यही नहीं नियम अनुसार बीपीएल परिवारों और कर्मचारियों को मुफ्त चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।

मरीजों को नागरिक अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने पर जोर दिया जा रहा है। यहां स्थापित होने वाली लैब में फिजिशियन, कार्डियोलोजिस्ट के अलावा सीनियर स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। लैब की प्रक्रिया दोबारा से शुरू की गई है और जल्द ही इसे शुरू करा दिया जाएगा, ताकि मरीजों को इसकी सुविधा मुहैया हो सके।

- डा. जसवंत पूनिया, सिविल सर्जन, सोनीपत

chat bot
आपका साथी