गांव भैंसवाल कलां में सिर में ईंटें मारकर युवक की हत्या

गांव भैंसवाल कलां में एक ग्रामीण की सिर में ईंटें मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उसका शव गांव में लाठ मोड़ के निकट पड़ा मिला।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 05:29 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 05:29 PM (IST)
गांव भैंसवाल कलां में सिर में ईंटें मारकर युवक की हत्या
गांव भैंसवाल कलां में सिर में ईंटें मारकर युवक की हत्या

जागरण संवाददाता, गोहाना : गांव भैंसवाल कलां में एक ग्रामीण की सिर में ईंटें मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उसका शव गांव में लाठ मोड़ के निकट पड़ा मिला। ग्रामीण कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है और कई साल से अकेला गांव में रह रहा था। वह फिलहाल मजदूरी करता था। सदर थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल गोहाना में पोस्टमार्टम करवाया। मृतक के चाचा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

गांव भैंसवाल कलां के राजबीर ने बताया कि उसका भतीजा जितेंद्र उर्फ काला गांव में अकेला रहता था। जितेंद्र की पत्नी नीलम बेटे मनीष और बेटी मुस्कान के साथ करीब 10 साल से रोहतक में रह रही है। जितेंद्र के दो भाई परिवार के साथ छत्तीसगढ़ में रहते हैं। राजबीर ने शुक्रवार शाम को जितेंद्र को अपने घर के पास देखा था। शनिवार सुबह जितेंद्र गांव में लाठ मोड़ के निकट लहूलुहान हालत में मृत मिला। उसकी सिर और मुंह पर ईंटें मारकर हत्या की गई। सूचना मिलने पर सदर थाना के प्रभारी विवेक मलिक और उप निरीक्षक महावीर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके शव को नागरिक अस्पताल गोहाना भिजवाया। गांव चर्चा है कि जितेंद्र ने अपने साथियों के साथ शराब पी और नशे में कहासुनी होने के बाद घटना को अंजाम दिया। छह मामले दर्ज हैं जितेंद्र पर

पुलिस ने जितेंद्र का रिकार्ड खंगाला तो उस पर छह मामले दर्ज मिले। करीब 11 साल पहले उसने मुरथल थाना के अंतर्गत गांव मेहंदीपुर में साथी के साथ मिलकर एक ग्रामीण की हत्या की थी। हत्या के मामले में जितेंद्र को आजीवन कारावास की सजा हुई थी। उस पर अवैध हथियार रखने और लूट के मामले भी दर्ज हैं। मार्च में गोहाना की अदालत ने उसे एक मामले में भगोड़ा घोषित किया था। जितेंद्र अब मजदूरी करके जीवन यापन कर रहा था। पुलिस ने राजबीर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

जितेंद्र के साथियों से पूछताछ की जाएगी। हत्या किसने और किन कारणों से की आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पता चलेगा। विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

- विवेक मलिक, प्रभारी, सदर थाना गोहाना

chat bot
आपका साथी