उपायुक्त ने गोहाना नई अनाजमंडी का दौरा किया

गोहाना मंडी में पीआर धान की 56 हजार 332 क्विंटल आवक हो चुकी है जिसमें से 39108 क्विंटल की खरीद की जा चुकी है। शेष फसल की खरीद भी अति शीघ्र पूरी कर ली जाएगी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 05:58 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 05:58 PM (IST)
उपायुक्त ने गोहाना नई अनाजमंडी का दौरा किया
उपायुक्त ने गोहाना नई अनाजमंडी का दौरा किया

संवाद सहयोगी, गोहाना : जिला उपायुक्त ललित सिवाच ने सोमवार को गोहाना की नई अनाजमंडी का दौरा किया। उन्होंने पीआर धान, बाजरा व कपास की खरीद की स्थिति और मंडी में व्यवस्था का जायजा लिया और समय पर उठान के निर्देश दिए। उन्होंने आढ़तियों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान करने का आश्वासन दिया। मापदंडों पर खरी उतरने वाले धान व अन्य फसलों को तुरंत प्रभाव से खरीदने का निर्देश दिए।

आढ़तियों ने उपायुक्त को बताया कि किसानों की धान की फसल कई दिनों से मंडी में पड़ी हैं, लेकिन अधिकारी धान की खरीद करने में आनाकानी कर रहे हैं। इस पर जिला उपायुक्त ने धान की ढेरी की नमी जांची। धान में नमी का स्तर 14 प्रतिशत मिला जबकि 14 से 17 प्रतिशत तक नमी वाली पीआर धान की तुरंत खरीद के निर्देश हैं। मंडी में करीब 17 हजार क्विंटल धान की फसल खुले में पड़ी है। जिला उपायुक्त ने मापदंडों पर खरी उतरने वाली फसलों को तुरंत खरीद करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि गोहाना मंडी में पीआर धान की 56 हजार 332 क्विंटल आवक हो चुकी है, जिसमें से 39,108 क्विंटल की खरीद की जा चुकी है। शेष फसल की खरीद भी अति शीघ्र पूरी कर ली जाएगी। बरसात के कारण इसमें कुछ विलंब हुआ है। साथ ही उन्होंने बताया कि गांव कासंडी खरीद केंद्र में सारी फसल की खरीद हो चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि वे कुछ गांवों का दौरा कर पानी निकासी की स्थिति का जायजा लिया। गोहाना उपमंडल में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक पंपसेट और डीजल पंपसेट लगाए गए हैं, ताकि जल्द से जल्द पानी को निकाला जा सके। गोहाना के लिए विशेष रूप से नए पंपसेटों की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि डीजल पंपसेट के लिए डीजल की उपलब्धता के लिए पर्याप्त बजट भी मौजूद है। साथ ही उन्होंने बताया कि विशेष गिरदावरी की प्रक्रिया भी जारी है। इस मौके पर एसडीएम आशीष वशिष्ठ, हैफेड की डीएम उमाकांत शर्मा, हरियाणा वेयर हाउस कार्पोरेशन के प्रबंधक रेनु नरवाल, डीएमयू सौरभ चौधरी, सचिव जितेंद्र कुमार, हैफेड मैनेजर प्रवीन शर्मा, मंडी प्रधान विनोद कुमार, संजीव सिघल मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी