गोहाना में छह माह में 33 फीसदी लोगों ने भरा प्रापर्टी टैक्स

जागरण संवाददाता गोहाना गोहाना नगर परिषद के अधिकारी व कर्मचारी शहर के लोगों को समय

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 05:14 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 05:14 PM (IST)
गोहाना में छह माह में 33 फीसदी लोगों ने भरा प्रापर्टी टैक्स
गोहाना में छह माह में 33 फीसदी लोगों ने भरा प्रापर्टी टैक्स

जागरण संवाददाता, गोहाना : गोहाना नगर परिषद के अधिकारी व कर्मचारी शहर के लोगों को समय पर प्रापर्टी टैक्स भरने के लिए जागरूक कर रहे हैं। नगर परिषद ने वित्त वर्ष 2021-22 में 1.18 करोड़ रुपये प्रापर्टी टैक्स के वसूलने का लक्ष्य रखा है। छह माह में नगर परिषद ने करीब 33 फीसदी टैक्स की वसूली की है। 30 सितंबर तक नगर निकाय विभाग ने टैक्स भरने में छूट दी है।

गोहाना नगर परिषद ने शहर के लोगों की प्रापर्टी का डिजिटल सर्वे करवाया था। इस सर्वे में शहर में करीब 34 हजार लोगों के नाम व्यावसायिक, रिहायशी और प्लाट मिले। तीनों तरह की प्रापर्टी के टैक्स के शुल्क सरकार द्वारा अलग-अलग तय किए गए हैं। नगर परिषद ने शहर के लोगों को प्रापर्टी टैक्स के बिल जारी नहीं किए हैं, लेकिन अधिकारी व कर्मचारी लोगों को टैक्स भरने के लिए जागरूक कर रहे हैं। अप्रैल 2021 से अब तक शहर के हजारों लोग करीब 35 लाख 28 हजार रुपये प्रापर्टी टैक्स के जमा करवा चुके हैं। नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि छूट की अवधि खत्म होने के बाद लोगों से ब्याज के साथ प्रापर्टी टैक्स वसूला जाएगा। अधिकारियों के अनुसार जो लोग नियमित टैक्स भरते हैं और वे वर्तमान वित्त वर्ष का टैक्स भरेंगे तो उन्हें 35 फीसदी छूट मिलेगी।

एजेंसी का रिकार्ड आने के बाद वितरित होंगे बिल : नगर निकाय विभाग द्वारा अधिकृत एजेंसी ने शहर में प्रापर्टी का डिजिटल सर्वे किया है। एजेंसी द्वारा सर्वे पर शहर के लोगों के दावे व आपत्तियां भी स्वीकार किए गए हैं। एजेंसी जल्द प्रापर्टी इकाइयों की फाइनल लिस्ट जारी करेगी। इसके बाद नगर परिषद शहर के लोगों को प्रापर्टी टैक्स के बिल जारी करेगी। इससे पहले नगर परिषद ने करीब चार साल पहले बिल जारी किए थे। वर्जन

प्रापर्टी टैक्स से नगर परिषद की जो आय होती है, उसे शहर के विकास पर ही खर्च किया जाता है। लोग समय पर अपना प्रापर्टी टैक्स भरें। इससे शहर में सुविधाएं बढ़ेंगी। 30 सितंबर के बाद के बाद लोगों से ब्याज के साथ प्रापर्टी टैक्स वसूला जाएगा।

-राजेश वर्मा, ईओ, नगर परिषद, गोहाना

chat bot
आपका साथी