किसानों के बाजरे की सही स्थिति जांचेंगे कृषि अधिकारी

जिलेभर में किसानों के उगाए गए बाजरे की सही स्थिति का पता लगाने के लिए कृषि अधिकारी घर-घर जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने नायब तहसीलदार के नेतृत्व में कमेटी बनाकर खंड कृषि अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 04:58 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 04:58 PM (IST)
किसानों के बाजरे की सही स्थिति जांचेंगे कृषि अधिकारी
किसानों के बाजरे की सही स्थिति जांचेंगे कृषि अधिकारी

जागरण संवाददाता, सोनीपत : जिलेभर में किसानों के उगाए गए बाजरे की सही स्थिति का पता लगाने के लिए कृषि अधिकारी घर-घर जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने नायब तहसीलदार के नेतृत्व में कमेटी बनाकर खंड कृषि अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। कमेटी को 27 नवंबर तक बाजरे की जांच करने के बाद प्रशासन को यह रिपोर्ट देनी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन को मिली किसानों की लिस्ट के अनुसार ही यह जांच करने का निर्णय लिया गया है।

जिले में हर वर्ष एक लाख 21 हजार से अधिक किसान खरीफ और रबी सीजन के अंतर्गत फसलों की रोपाई-बिजाई करते हैं। इस वर्ष भी किसानों ने बाजरे की फसल उगाई है। अधिकारियों के अनुसार जिले में 865 किसानों ने बाजरे की फसल उगाई है, जिनकी अनाजमंडियों में जिला प्रशासन द्वारा 13 हजार मीट्रिक टन से अधिक बाजरे की खरीद की जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन को अब 3541 किसानों की लिस्ट मिली है, जिन्होंने बाजरा उगा रखा है। हालांकि अधिकारियों के अनुसार ये किसान 865 ही हैं, लेकिन लिस्ट में एक ही किसान का कई बार नाम दिया हुआ है। उसी के अनुसार उनके द्वारा फसल का उत्पादन करने का ब्योरा दिया गया है। इसी का पता लगाने के लिए जिला प्रशासन ने नायब तहसीलदार के नेतृत्व में एक टीम बनाई, जो 27 नवंबर तक किसानों के घर-घर जाकर बाजरे की सही स्थिति की जानकारी लेने के बाद प्रशासन को रिपोर्ट देगी।

जिले में बाजरे की फसल के उत्पादन के साथ ही खरीद भी की जा रही है। रिकार्ड के अनुसार 865 किसानों ने बाजरे की फसल उगाई है। अब प्रशासन के पास इन्हीं किसानों के कई बार नाम दिए जाने की लिस्ट मिली है। लिस्ट के अनुसार बाजरे का उत्पादन अधिक बताया जा रहा है। उपायुक्त के निर्देशानुसार नायब तहसीलदार के नेतृत्व में खंड कृषि अधिकारियों की कमेटी बनाई है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

- डा. अनिल सहरावत, कृषि उपनिदेशक, सोनीपत।

chat bot
आपका साथी