बढ़ेगी हरियाली : वन विभाग की कब्जे की भूमि पर लगाए जाएंगे पौधे

जिले को हरा-भरा करने के लिए वन विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 06:16 AM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 06:16 AM (IST)
बढ़ेगी हरियाली : वन विभाग की कब्जे की भूमि पर लगाए जाएंगे पौधे
बढ़ेगी हरियाली : वन विभाग की कब्जे की भूमि पर लगाए जाएंगे पौधे

जागरण संवाददाता, सिरसा : जिले को हरा-भरा करने के लिए वन विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। वन विभाग की कब्जे वाली भूमि पर पौधे लगाने की योजना बनाई गई है ताकि जिले में हरियाली का दायरा बढ़ सके। विभाग द्वारा कब्जे वाली भूमि का मशीन से सर्वे कार्य किया जाएगा। सबसे पहले रानियां क्षेत्र में सर्वे कार्य होगा। मशीन द्वारा सर्वे करवाने को लेकर टेंडर प्रक्रिया चल रही है। गौरतलब है कि जिले में 1981 में 1.12 फीसद भूमि पर वन थे। इसके बाद 2001 से इसमें कमी आती रही। सिरसा जिला 4277 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। अगर आंकड़ों को देखें तो वर्ष 2000-2001 में जिला में वन विभाग द्वारा लगाए गए नंबरिग वाले 619,302 पेड़ थे, जो वर्ष 2005-06 में कम होकर 549,988 रह गए। इसके बाद भी वृक्षों की संख्या कुछ बढ़ी। मगर जिस हिसाब से बढ़नी चाहिए, नहीं बढ़ी। इसका कारण वृक्षों की अंधाधुंध कटाई होना है, वहीं नए पौधे ज्यादा विकसित नहीं हुए।

-----

सर्वे कर छुड़वाया जाएगा कब्जा

वन विभाग द्वारा सर्वे करवाया जाएगा। इसके बाद भूमि से कब्जा छुड़वाया जाएगा। वन विभाग की भूमि पर पौधे लगाए जाएंगे। पौधे लगाने के लिए नर्सरी में पौधे तैयार किए जा रहे हैं। पौधे लगाने के बाद तारबंदी की जाएगी ताकि उन्हें कोई नुकसान न पहुंचा सके। जिले में सड़कों व नहरों के किनारों पर अवैध रूप से वृक्षों का कटान होता है। वन विभाग द्वारा निगरानी कड़ी की जाएगी। सड़कों के किनारे, नहरों व माइनरों के किनारे खड़े वृक्षों को वन विभाग द्वारा लगाई गई नंबरिग से ऊपर काट लिया जाता है।

------

मानव जीवन के लिए 300 पेड़ों की जरूरत

वृक्ष ही हमें ऑक्सीजन देते हैं। एक व्यक्ति पूरे जीवन में जितना प्रदूषण फैलाता है उसे शुद्ध करने में 300 पेड़ों की शक्ति लगती है। लगभग 100 वर्ष पूर्व दुनिया में 50 फीसद जंगल था जो अब 10 फीसद से भी कम है। घटते जंगल के कारण वैश्विक तापमान बढ़ रहा है, जिससे जलवायु परिवर्तन हो रहा है। इसी कारण बरसात कम हो रही है और नदियों में पानी घट रहा है।

---

जिले में वृक्षों की घट रही संख्या

1981 में जिले में 1.12 फीसदी भूमि पर वन

1991 में भी 1.12 फीसद भूमि पर वन

2001 में 1.10 फीसद भूमि पर वन

2011 में 1.00 फीसद भूमि पर वन

-----------

वन विभाग की भूमि पर जहां कब्जे है उसका सर्वे किया जाएगा। इसके बाद भूमि पर पौधे लगाए जाएंगे। सर्वे का कार्य रानियां खंड से शुरू किया जाएगा।

- रामकुमार जांगड़ा, जिला वन अधिकारी, सिरसा।

chat bot
आपका साथी