सिरसा की अनाज मंडी में गेहूं न खरीदकर उठान पर जोर

सिरसा अनाज मंडियों में शनिवार व रविवार को गेहूं खरीद नहीं की जाएगी। जिले में गेहूं से अटी पड़ी मंडियों में उठान पर जोर दिया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 08:01 AM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 08:01 AM (IST)
सिरसा की अनाज मंडी में गेहूं न खरीदकर उठान पर जोर
सिरसा की अनाज मंडी में गेहूं न खरीदकर उठान पर जोर

जागरण संवाददाता, सिरसा : अनाज मंडियों में शनिवार व रविवार को गेहूं खरीद नहीं की जाएगी। जिले में गेहूं से अटी पड़ी मंडियों में उठान पर जोर दिया जा रहा है। शनिवार को अधिकारी सुबह से ही उठान कराने में जुटे रहे। अभी तक 2476467 क्विंटल आवक हो चुकी है। जिसमें से अभी तक 2414050 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। जबकि अभी भी उठान कार्य धीमी गति से चल रहा है।

उठान में लगेगा समय

जिले में 59 खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद हुई है। मंडियों में उठान की समस्या आने पर 14 नये खरीद केंद्र बनाए गए हैं। जिससे उठान की समस्या न आए। मगर अभी गेहूं की खरीद 2414050 क्विंटल हो चुकी है। जबकि उठान अभी भी करीब 881210 क्विंटल गेहूं का हुआ है। यानि उठान में अभी भी काफी समय लगेगा। मंडियों में सोमवार से फिर से खरीद शुरू हो जाएगी। आढ़तियों ने बताया कि जिस हिसाब से उठान हो रहा है। इससे नहीं लगता कि उठान कार्य जल्द होगा। उठान कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। अगर शुरुआत में गेहूं की खरीद के साथ उठान के उचित प्रबंध होते तो आज ऐसी स्थिति नहीं आती।

अनाज मंडी में बारिश से शुक्रवार को गेहूं भीग गया। जिस पर शनिवार को भीगा गेहूं सुखाने के लिए मजदूर लगे रहे। मजदूरों ने बारिश में भीगा गेहूं की बोरियों को बदलने का कार्य किया। वहीं अलग अलग स्थानों पर बोरियों को रखा गया। गेहूं भीगने से नमी बढ़ गई। जिससे गेहूं खराब होने की भी आशंका बनी हुई है।

किसान भी परेशान

गेहूं खरीद कार्य बंद होने से किसानों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। खेतों में गेहूं निकालने के बाद सीधे तौर पर मंडियों में ला रहे थे। अब मंडियों में खरीद कार्य शनिवार व रविवार को बंद कर दिया है। इससे किसानों को गेहूं निकालने के बाद बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। किसान हनुमान सिंह व विरेंद्र सिंह ने बताया कि जहां मंडियों में गेहूं खरीद के लिए व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। इसी के साथ किसान मौसम की मार भी झेल रहे हैं। किसानों की मंडियों में भी फसल सुरक्षित नहीं है।

उठान कार्य करवाया जा रहा

मंडियों में उठान कार्य में तेजी लाई जा रही है। मंडियों में उठान होने से किसानों को गेहूं बेचने में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आएगी। मंडियों में सोमवार से गेहूं की फिर से खरीद शुरू होगी।

सुरेंद्र सैनी, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, सिरसा

chat bot
आपका साथी