हरियाणा का गंभीर आरोप, पंजाब मेंं रोज हो रहा सिरसा के हिस्से का 12 करोड़ लीटर से ज्यादा पानी चोरी

पंजाब के क्षेत्र में हर रोज 50 क्यूसेक यानी 12 करोड़ 22 लाख 99 हजार लीटर पानी चोरी हो रहा है। इस संबंध में हरियाणा ने आपत्ति दर्ज कराई है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 08 Aug 2020 01:27 PM (IST) Updated:Sat, 08 Aug 2020 01:28 PM (IST)
हरियाणा का गंभीर आरोप, पंजाब मेंं रोज हो रहा सिरसा के हिस्से का 12 करोड़ लीटर से ज्यादा पानी चोरी
हरियाणा का गंभीर आरोप, पंजाब मेंं रोज हो रहा सिरसा के हिस्से का 12 करोड़ लीटर से ज्यादा पानी चोरी

सिरसा [सुधीर आर्य]। पंजाब क्षेत्र में सिरसा के हिस्से का पानी चोरी हो रहा है। पानी की मात्रा भी कम नहीं है। 16 किलोमीटर के पंजाब क्षेत्र में सुखचेन डिस्ट्रीब्यूटरी से एक दिन में 50 क्यूसेक पानी की चोरी हो रही है। इस पानी को मापें तो 12 करोड़ 22 लाख 99 हजार लीटर पानी हर रोज चोरी किया जा रहा है।

इतनी बड़ी मात्रा पानी की चोरी को लेकर सिरसा के अधिकारी पंजाब को बार-बार चोरी के बारे में आगाह कर रहे हैं, लेकिन चोरी नहीं रुक रही। बारिश न होने की स्थिति में तो नहर में पानी की मात्रा आधे से भी कम रह जाती है और 70 क्यूसेक पानी तक पंजाब क्षेत्र के किसान ही निकाल लेते हैं। अब नहर विभाग ने फिर से पंजाब को पूरे हालात से अवगत कराते हुए तत्काल हिस्से का पूरा पानी उपलब्ध करवाने को कहा है।

बता दें कि सुखचेन डिस्ट्रीब्यूटरी का निर्माण 1952-53 में हुआ। फतेहाबाद से नहर पंजाब क्षेत्र में प्रवेश करती है और इसके बाद सिरसा पहुंचती है। सिरसा में सीधे इस नहर पर 24605 एकड़ का रकबा है, जबकि इसी के साथ दड़बी माइनर, भंभूर माइनर, सलारपुर माइनर व मंगाला सब माइनर जुड़े हुए हैं।

153 क्यूसेक पानी सिरसा के हिस्से का

इस नहर से पंजाब को पानी नहीं दिया जा सकता। फतेहाबाद से नहर में पूरा पानी सिरसा के लिए छोड़ा जाता है। 16 किमी की दूरी के बाद सिरसा में नहर प्रवेश करती है जहां आरडी-108 पर पानी की मात्रा मापी जाती है। यहां करीबन 50 से 70 क्यूसेक पानी हर समय कम मिलता है। मतलब इतना पानी पंजाब में ही सिरसा के हिस्से का अवैध रूप से उठा लिया गया। 53 हजार फीट के इस एरिया में पानी चोरी रोकना सिरसा के लिए आसान नहीं है। पानी चोरी से सिरसा नहर पर पडऩे वाले 58 गांवों को सीधा नुकसान है।

नहर से सिंचित क्षेत्र

नहर                          रकबा

सुखचेन डिस्ट्रीब्यूटरी  24605 एकड़

दड़बी माइनर            10685 एकड़

भंभूर माइनर             9708 एकड़

सलारपुर माइनर        1563 एकड़

मंगाला सब माइनर      275 एकड़

पंजाब के हिस्से में पानी चोरी

सिरसा के अधीक्षण अभियंता आत्मा राम भांभू का कहना है कि सुखचेन माइनर से बड़ी मात्रा में पानी चोरी हो रहा है। पानी चोरी रोकने के लिए पूर्व में तत्कालीन उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने पंजाब के अधिकारियों के साथ बैठक की थी लेकिन पंजाब के हिस्से में पानी चोरी नहीं रुक रही। प्रतिदिन 50 क्यूसेक पानी चोरी हो रहा है। पानी चोरी को लेकर अब फिर पंजाब के नहर विभाग को रिमाइंडर भेजा गया है। फतेहाबाद से पूरा पानी दिया जा रहा है, लेकिन पंजाब के हिस्से में पानी चोरी हो जाता है जिससे सिरसा को नुकसान हो रहा है।

chat bot
आपका साथी