टीकरी बार्डर के लिए भावदीन टोल प्लाजा से किसानों का काफिला रवाना

भावदीन टोल प्लाजा से कृषि कानूनों के विरोध में किसान वाहनों का क

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 05:30 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 05:30 AM (IST)
टीकरी बार्डर के लिए भावदीन टोल प्लाजा से किसानों का काफिला रवाना
टीकरी बार्डर के लिए भावदीन टोल प्लाजा से किसानों का काफिला रवाना

जागरण संवाददाता, सिरसा : भावदीन टोल प्लाजा से कृषि कानूनों के विरोध में किसान वाहनों का काफिला लेकर टीकरी बार्डर के लिए रवाना हुए। भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष लखविद्र सिंह व हरियाणा किसान एकता डबवाली के प्रधान गुरप्रेम सिंह तथा एसपी मसीतां के नेतृत्व में किसान खुइयां टोल प्लाजा डबवाली से होते हुए भावदीन टोल प्लाजा एकत्रित हुए। इसके बाद किसानों ने नारेबाजी कर रोष जताया।

------

किसानों ने मुंह तोड़ दिया है जवाब

लखविद्र सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने कृषि कानून लागू कर किसानों के लिए डेथ वारंट जारी कर दिया था लेकिन किसानों ने इसका ऐसा मुंहतोड़ जवाब दिया। इसी का नतीजा है कि अभी भी किसान दिल्ली के बार्डरों पर डटे हैं और हजारों वाहनों में सवार किसान टीकरी बार्डर के लिए रवाना हुए हैं। यह सरकार को सीधे तौर पर चेतावनी है कि जब तक कानून वापसी नहीं, किसानों की घर वापसी नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा व जजपा नेताओं के कार्यक्रमों का विरोध किया जा रहा है। अब नेता किसी भी जगह जाने से कतरा रहे हैं। किसान भविष्य में भी ऐसे ही विरोध करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने किसानों से झूठ बोल कर वोट लिए। अब सत्ता में आने के बाद किसानों को भूल गए हैं।

------कानून वापस लेने होंगे

किसान नेता एसपी मसीतां ने कहा कि सरकार को हर हाल में यह कानून वापस लेने होंगे क्योंकि यह किसानों के हित में नहीं हैं। किसानों को कमजोर समझने की भूल सरकार कतई न करे और किसानों की एकजुटता इस बात का सीधे तौर पर प्रमाण हैं कि सरकार को हर हाल में झुकना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसान एकजुट होकर ऐसे ही विरोध करते रहे। भारतीय किसान एकता और हरियाणा किसान एकता डबवाली ने इस वाहन काफिले को लेकर जिला में प्रत्येक गांव-गांव में प्रचार किया था।

chat bot
आपका साथी