UP के Deputy CM बोले- विपक्षी गठबंधन बिना दूल्हे की बरात, प्रधानमंत्री के बहुत दावेदार

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि विपक्षी गठबंधन बिना दूल्हे की बरात है। इसमें प्रधानमंत्री के लिए बहुत दावेदार हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 21 Feb 2019 07:59 PM (IST) Updated:Thu, 21 Feb 2019 08:57 PM (IST)
UP के Deputy CM बोले- विपक्षी गठबंधन बिना दूल्हे की बरात, प्रधानमंत्री के बहुत दावेदार
UP के Deputy CM बोले- विपक्षी गठबंधन बिना दूल्हे की बरात, प्रधानमंत्री के बहुत दावेदार

जेएनएन, रोहतक। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के भारत के मन की बात मोदी के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लेने रोहतक पहुंचे। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा है कि विपक्षी गठबंधन बिना दूल्हे की बरात है। इसमें प्रधानमंत्री के लिए बहुत दावेदार हैं। जनता ऐसे गठबंधन पर भरोसा नहीं करती। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हरियाणा और बिहार के दो पूर्व मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार मामले में जेल काट रहे हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोदी को हटाने की वे ही लोग बात कर रहे हैं जो किसी न किसी भ्रष्टाचार में शामिल हैं और कार्रवाई से बचने के लिए गठबंधन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन नहीं वास्तव में ठगबंधन है। मौर्य ने कहा कि नरेंद्र मोदी को देश की जनता ने इसलिए प्रधानमंत्री बनाया है, ताकि उनके अधिकारों की रक्षा हो और देश के संसाधनों को लूटने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि कोई व्यक्ति कितने ही बड़े परिवार से संबंध रखता हो, अगर उसने लूट-खसोट की है तो,उसके खिलाफ कार्रवाई निश्चित है।

राम मंदिर चुनावी मुद्दा नहीं

राम मंदिर निर्माण के मसले पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह कोई चुनाव का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश की जनता के लिए आस्था का विषय है। यह मामला सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है। अयोध्या में बाबर के नाम पर एक भी ईंट लगने नहीं दी जाएगी। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने के विषय में उन्होंने कहा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व परिपक्व है और वही इस मुद्दे पर फैसला लेगा।

रायबरेली व अमेठी भी हारेगी कांग्रेस

प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार रायबरेली और अमेठी की सीट पर भी जीत दर्ज करेगी। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सपा और बसपा के गठबंधन से भाजपा के विजयी रथ पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पूरा उत्तर प्रदेश जानता है कि सपा अराजक तत्वों की पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला, जिला प्रभारी मुकेश गौड़ आदि उपस्थित थे।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी