वाट्सएप ग्रुप से होम क्वारंटाइन की मदद कर रही संस्था

कोरोना संक्रमण के दौरान हर क्षेत्र में ऐसे परिवारों की संख्या काफी है जो पूरे परिवार संक्रमित हैं और घर पर ही क्वारंटाइन हैं। ऐसे परिवारों को अपनी जरूरतों के लिए बाजार जाना व सामान लाना आसान नहीं है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 08:29 AM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 08:29 AM (IST)
वाट्सएप ग्रुप से होम क्वारंटाइन की मदद कर रही संस्था
वाट्सएप ग्रुप से होम क्वारंटाइन की मदद कर रही संस्था

विक्रम बनेटा, रोहतक: कोरोना संक्रमण के दौरान हर क्षेत्र में ऐसे परिवारों की संख्या काफी है, जो पूरे परिवार संक्रमित हैं और घर पर ही क्वारंटाइन हैं। ऐसे परिवारों को अपनी जरूरतों के लिए बाजार जाना व सामान लाना आसान नहीं है। ऐसे दौर में हम और आप सोशल वेलफेयर सोसाइटी ऐसे लोगों के लिए मददगार बनकर उभर रही है। संस्था के सदस्यों की तरफ से ऐसे परिवारों को राशन, दवा और चिकित्सा उपकरण उनके घर पर ही उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

- वॉट्सएप ग्रुप से जुड़े हुए हैं करीब 70 परिवार

संस्था के लोगों ने होम क्वारंटाइन परिवारों को उनके घर ही जरूरी चीजें पहुंचाने के लिए वाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। लॉकडाउन में संस्था के इस ग्रुप की अहमियत बढ़ गई है। क्योंकि इस समय लोगों का बाहर निकल पाना मुश्किल है। इन परिवारों के लोग जरूरत के सामान की लिस्ट ग्रुप में पोस्ट कर देते हैं। संस्था के सदस्य वो सामान बाजार से लेकर उनके घर तक पहुंचा देते हैं। इन परिवारों को दवा के साथ अन्य सामान भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

- ठीक होने पर करते हैं घर सैनिटाइज

संस्था की ओर से लोगों को क्वारंटाइन अवधि के दौरान तो मदद पहुंचाई ही जाती है। इसके साथ-साथ कोरोना संक्रमितों के ठीक होने पर उनके घरों को सैनिटाइज किया जाता है। वहीं आसपास की गली में भी सैनिटाइजेशन का कार्य किया जाता है। वहीं होम क्वारंटाइन की स्थिति में कुछ परिवार ऐसे भी हैं, जो खाना नहीं बना पाते। ऐसे परिवारों को सति भाई सेवादास संस्था की मदद से खाना भी पहुंचाया जा रहा है।

- प्लाज्मा डोनेशन के लिए करते हैं प्रेरित

कोरोना से ठीक होने वाले परिवारों को संस्था की तरफ से प्लाज्मा डोनेशन के लिए भी प्रेरित किया जाता है। हामी भरने वाले परिवारों का रजिस्ट्रेशन संस्था अपने स्तर पर करती है तथा आपात स्थिति में इन परिवारों से प्लाज्मा डोनेट करवाया जाता है। मरीज के अस्पताल तक ले जाने का कार्य भी संस्था की तरफ से ही किया जाता है। इसके अलावा लोगों को रक्तदान के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

क्वांरटाइन है परिवार तो यहां करें सपंर्क

अगर आपका परिवार भी कोरोना संक्रमण की वजह से क्वारंटाइन हैं और आपको भी मदद की दरकार है तो संस्था के वॉट्सएप नंबर 8760160160 तथा 9034458097 पर संपर्क किया जा सकता है। संस्था के संस्थापक सदस्यों विकास मिश्रा, भारत भूषण, मोहित खोखर, चिराग बेरी, अरुण विरमानी, गोविदा शर्मा, अरूण सिगला, विनय ग्रोवर की ओर से आप तक मदद पहुंचाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी