गीता जयंती पर नगर का वातावरण बनेगा गीतामय : डीसी

डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने कहा है कि गीता जयंती के अवसर पर नगर का पूरा वातावरण गीतामय बनाया जाएगा। उपायुक्त मनोज कुमार ने आज तीन दिवसीय गीता जयंती के समारोह स्थल पंडित श्रीराम रंगशाला का निरीक्षण किया और तैयारियों के बारे में अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Dec 2021 07:02 PM (IST) Updated:Thu, 09 Dec 2021 07:02 PM (IST)
गीता जयंती पर नगर का वातावरण बनेगा गीतामय : डीसी
गीता जयंती पर नगर का वातावरण बनेगा गीतामय : डीसी

जागरण संवाददाता, रोहतक : डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने कहा है कि गीता जयंती के अवसर पर नगर का पूरा वातावरण गीतामय बनाया जाएगा। उपायुक्त मनोज कुमार ने आज तीन दिवसीय गीता जयंती के समारोह स्थल पंडित श्रीराम रंगशाला का निरीक्षण किया और तैयारियों के बारे में अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।

डीसी मनोज कुमार ने कहा कि इस बार के गीता जयंती समारोह को आकर्षक व याद कार बनाने की पूरी कवायद की जा रही है। पूरा वातावरण भक्ति में बनाया जाएगा और लोगों को तीन दिनों में एक से एक अच्छे कार्यक्रम देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान जहां तीनों दिन हवन यज्ञ का आयोजन होगा, वहीं सर्वधर्म प्रार्थना सभा भी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही शाम के समय महाआरती का आयोजन भी धार्मिक स्थल पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीनों दिन स्कूली बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। प्रबुद्ध लोगों द्वारा गीता के महत्व पर प्रवचन भी दिए जाएंगे।

तीनों दिन होगी सांस्कृतिक संध्या

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के प्रथम दिन यानी 12 दिसंबर को शाम पांच बजे पंजाबी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस संध्या में प्रसिद्ध कलाकार शंकर साहनी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी प्रकार से 13 दिसंबर को सायं पांच बजे हरियाणवी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें प्रसिद्ध कलाकार गजेंद्र फौगाट प्रस्तुति देंगे। इसी प्रकार से 14 दिसंबर को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या में प्रसिद्ध कलाकार मास्टर सलीम एंड पार्टी अपनी प्रस्तुति देगी।

कार्यक्रम स्थल पर लगेगी प्रदर्शनी

उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों व संस्थाओं की ओर से स्टाल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर इस अवसर का लाभ अवश्य उठाना चाहिए। उन्हें यहां से काफी कुछ सीखने को मिलेगा। इसके साथ ही उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने यह भी कहा कि कार्यक्रम के अंतिम दिन यानी 14 दिसंबर को दोपहर नगर शोभा यात्रा का आयोजन भी किया जाएगा। नगर शोभायात्रा में विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठन बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम स्थल पर निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल, नगराधीश ज्योति मित्तल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी