गुरमीत को सजा सुनाने के बाद सुनारिया जेल में कड़ी सुरक्षा, सिरसा डेरा की किलेबंदी

गुरमीत राम रहीम को छत्रपति हत्‍या मामले में सजा सुनाए जाने के बाद सुनारिया जेल में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई। सिरसा के डेरा सच्‍चा सौदा में भी कड़ी सुरक्षा है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Thu, 17 Jan 2019 10:20 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jan 2019 08:56 PM (IST)
गुरमीत को सजा सुनाने के बाद सुनारिया जेल में कड़ी सुरक्षा, सिरसा डेरा की किलेबंदी
गुरमीत को सजा सुनाने के बाद सुनारिया जेल में कड़ी सुरक्षा, सिरसा डेरा की किलेबंदी

रोहतक/सिरसा, जेएनएन। Ram Rahim को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड के सजा सुनाए जाने के बाद रोहतक की सुनारिया जेल में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई। सिरसा में भी डेरा सच्‍चा सौदा की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस बल के साथ अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों को भी तैनात किया गया है। रोहतक शहर और अासपास के क्षेत्र में भी बेहद कड़ी सुरक्षा है।

रोहतक की सुनारिया जेल और इसके अासपास चार लेयर की सुरक्षा व्‍यव‍स्‍था की गई है। इस जेल में गुरमीत राम रहीम में बंद है और साध्‍वी दुष्‍कर्म मामले में 20 साल कैद की सजा काट रहा है। राम रहीम की पेशी वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग से होगी। जेल परिसर से लेकर एक किलोमीटर के दायरे में चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात की गई है। जिले की सीमाएं सील करने के साथ ही जेल परिसर के आसपास बनाए गए दस विशेष नाकों पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। जेल में बंद अन्य कैदियों और बंदियों से उनके परिजनों की मुलाकात नहीं कराई गई।

जमीन से लेकर आसमान तक चार लेयर में सुरक्षा की गई है। जमीन पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम के अलावा घोड़ा पुलिस और विशेष नाके लगाए गए हैं। वहीं आसमान में भी ड्रोन से निगाह रखी जा रही है। जिले में अलग-अलग स्थानों पर 40 नाके लगाए गए हैं। इनमें दस नाके सुनारिया जेल परिसर के एक किलोमीटर के दायरे में लगाए गए हैं। एक किलोमीटर के दायरे को पूरी तरह से कवर किया गया है। बाहरी लोगों की वहां पर एंट्री बंद कर दी गई है।

बाहर से आने वाले लोगों पर निगाह

रोहतक जिले में आने वाले बाहरी लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर रखी जा रही है और उनकी जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि राम रहीम के समर्थक किसी न किसी बहाने से जिले में एंट्री कर सकते हैं। ऐसे में जिले की सभी सीमाएं पर पैनी निगाह रखी जा रही है। यदि कोई ग्रुप में शादी-समारोह या अन्य कार्यक्रम में जा रहा है तो उनको भी पूछताछ के बाद ही एंट्री दी जा रही है।

सोशल मीडिया पर भी निगाह

राम रहीम को लेकर पहले भी सोशल मीडिया पर काफी अफवाहें चली थी। इसके बाद पंचकूला में हिंसा हो गई थी। इस बार पुलिस कोई भी लापरवाही नहीं करना चाहती। पुलिस की विशेष टीम सोशल मीडिया पर भी निगाह रखेगी। इसकी जिम्मेदारी आइटी सेल और साइबर सेल की टीम को दी गई है। यदि कोई भी व्यक्ति भड़काऊ पोस्ट करता है तो उसके खिलाफ तत्काल केस दर्ज किया जाएगा।

----------------

सिरसा में डेरा सच्‍चा सौदा के आसपास भी कड़ी सुरक्षा, पूरे क्षेत्र की किलेबंदी

सिरसा में भी हाई अलर्ट है और कड़ी सुरक्षा की गई है। डेरा सच्‍चा सौदा और इसके आसपास के क्षेत्र की  किलेबंदी कर दी गई है। वाहनों के साथ वहां से गुजरने वालों को कड़ी जांच के बाद ही जाने दिया जा रहा है। सीआरपीएफ की दो कंपनियां भी तैनात की गई हैं। शहर के सभी मार्गों की नाकेबंदी की गई है। इसके अलावा जिले में हरियाणा पुलिस की 12 कंपनियां सुबह से ही तैनात हैं। प्रशासन ने जिलेभर में 40 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। डेरे के शिक्षण संस्थान 17 व 18 जनवरी के लिए बंद करवा दिए हैं।

chat bot
आपका साथी