सात साल बाद विपक्ष को जनता की याद आई : डा. अशोक तंवर

जागरण संवाददाता रोहतक अपना भारत मोर्चा के संरक्षक एवं पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर ने का

By JagranEdited By: Publish:Mon, 11 Oct 2021 11:50 PM (IST) Updated:Mon, 11 Oct 2021 11:50 PM (IST)
सात साल बाद विपक्ष को जनता की याद आई : डा. अशोक तंवर
सात साल बाद विपक्ष को जनता की याद आई : डा. अशोक तंवर

जागरण संवाददाता, रोहतक :

अपना भारत मोर्चा के संरक्षक एवं पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर ने कांग्रेस के विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा सात साल बाद विपक्ष को जनता की याद आई है। अब पता नहीं यह कार्यक्रम एक दिन चलेगा या नियमित। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब डूबता जहाज हो गई है। कांग्रेस को ब्लैकमेलर्स की पार्टी बताते कहा कि अब इसमें शरीफ नेताओं का भविष्य नहीं है। वे सोमवार को मैना पर्यटन केंद्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक ली और आगामी गतिविधियों को लेकर मंथन किया।

डा. अशोक तंवर ने विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर अप्रत्याशित तौर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोगों को अब समझ आया कि वो विपक्ष में बैठे हैं। प्रदेश की जनता यह मानती है कि वो सत्ता पक्ष के साथ मिले हुए हैं। इसलिए अब स्पष्टीकरण देने की जरूरत पड़ी है। डा. तंवर ने कहा कि जब किसानों ने आंदोलन के दौरान विधायकों, सांसदों पर पद छोड़ने के लिए कहा तो सभी लोग कुर्सी से चिपके रहें। सिर्फ एक विधायक ने इस्तीफा दिया, जिस वजह से ऐलनाबाद में उपचुनाव हो रहा है। वे ऐलनाबाद विधानसभा का दौरा करेंगे तथा जनता की मांग पर किसी एक प्रत्याशी को समर्थन देने पर विचार करेंगे।

उन्होंने तीन कृषि सुधार कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि सरकार जब अपने निर्णय को वापस ले लेगी, तभी देश तरक्की पर लौट आएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की धान खरीदी नहीं जा रही है। बर्बाद फसलों का मुआवजा नहीं मिल रहा है। केंद्रीय मंत्री के बेटे द्वारा बेगुनाह किसानों की हत्या किसी भी सभ्य समाज में बर्दाश्त करने लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में बिखर चुकी है। देश व प्रदेश की जनता आज मजबूत विकल्प को ढूंढ रही है। अपना भारत मोर्चा 2024 से पहले देश व हरियाणा में नए नेतृत्व को तैयार कर रहा है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से बिमल मिनोचा, राजेन्द्र शर्मा, महेन्द्र बागड़ी, ओम मिनोचा, सुरेन्द्र सिधु, संदीप मोखरा, महेश शर्मा मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी