जेडी आडिट का तबादला, काम पर लौटे एमडीयू कर्मी

जागरण संवाददाता रोहतक महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के गैर शिक्षक कर्मचारियों ने स

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 05:36 AM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 05:36 AM (IST)
जेडी आडिट का तबादला, काम पर लौटे एमडीयू कर्मी
जेडी आडिट का तबादला, काम पर लौटे एमडीयू कर्मी

जागरण संवाददाता, रोहतक :

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के गैर शिक्षक कर्मचारियों ने सोमवार को काम पर लौटे। विवि में ज्वाइंट डायरेक्टर (जेडी) लोकल के तबादले की मांग को सरकार ने मान लिया। कर्मचारियों ने इसे अपनी जीत बताते हुए खुशी जताई। गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रधान रणधीर कटारिया ने बताया कि ज्वाइंट डायरेक्टर (जेडी) लोकल का न सिर्फ तबादला किया गया है बल्कि उसकी कार्यप्रणाली की भी जांच के आदेश हुए हैं। यह कर्मचारियों की एकता और संघर्ष का परिणाम है। विवि के किसी भी कर्मचारी के अधिकारों का हनन होता है तो कर्मचारी संघ ऐसे ही उनके लिए आंदोलन करेगा।

एमडीयू कर्मचारी काफी समय से जेडी आडिट के खिलाफ हड़ताल पर थे। जेडी आडिट विनोद बिश्नोई के व्यवहार से कर्मचारी नाखुश थे। जेडी आडिट पर मनमानी करने का आरोप लगा रहे थे। इसके विरोध में विवि अधिकारियों को भी कई बार शिकायत कर चुके थे। समाधान न होते देख कर्मचारियों ने जेडी आडिट के तबादले की मांग कर दी। विवि स्तर पर मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने जेडी आडिट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और हड़ताल पर चले गए। एमडीयू कर्मचारियों की मांगों का समर्थन प्रदेश के अन्य विवि के कर्मचारियों ने भी किया। कर्मचारियों का आरोप है कि जेडी आडिट जरूरी फाइलों को आगे नहीं बढ़ा रहा था। अपने की रुपयों के लिए कर्मचारियों को बार-बार जेडी आडिट के समक्ष गुहार लगानी पड़ रही थी। इस मौके पर उपप्रधान राजेश गिरधर, रविदर लोहिया, रमेश रोहिल्ला, विकास अहलावत, फूल कुमार बोहत, सुमेर अहलावत, सुरेश कौशिक, कुलवंत मलिक, सुरेश पाल राठी आदि मौजूद रहे।

जेडी आडिट के खिलाफ मुख्यमंत्री के नाम भी सौंपा था ज्ञापन

जेडी आडिट के खिलाफ मुख्यमंत्री तक को पत्र कर्मचारियों ने लिखा था। 19 अक्टूबर को विभिन्न यूनिवर्सिटी के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि एमडीयू कैंपस में हुई बैठक में शामिल हुए एवं कुलपति प्रो. राजबीर को मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा था। आल हरियाणा यूनिवर्सिटीज फेडरेशन के चेयरमैन दयानंद सोनी भी इस बैठक में शामिल हुए थे।

प्रमुख दस्तावेज नहीं मिलने से परेशान थे विद्यार्थी

एमडीयू कर्मचारियों की हड़ताल से विद्यार्थी काफी परेशान थे। करीब एक माह से विवि के विभिन्न कार्यालयों में काम ठप पड़ा था। विद्यार्थी माइग्रेशन, मार्कशीट व अन्य कई प्रकार के दस्तावेज नहीं ले पा रहे थे। विश्वविद्यालयों, कालेजों में चल रही एडमिशन प्रक्रिया के लिए जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने से विद्यार्थी परेशान थे। ऐसे में मंगलवार से दस्तावेज लेने में विद्यार्थियों को समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

खानपुर के महिला विवि के जेडी को एमडीयू का अतिरिक्त कार्यभार

प्रदेश सरकार के फाइनेंस डिपार्टमेंट की ओर से जारी आर्डर में एमडीयू के जेडी विनोद बिश्नोई का तबादला फरीदाबाद नगर निगम में किया गया है। उन्हें वहां प्रबंधकीय जिम्मेदारी दी गई है। इनके स्थान पर सोनीपत के खानपुर स्थित भगत फूलसिंह महिला विश्वविद्यालय के जेडी अश्विनी दहिया को एमडीयू में अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।

chat bot
आपका साथी