तिरंगे के साथ रोहतक से किसानों के जत्थे ट्रैक्टर लेकर दिल्ली रवाना

किसानों का गणतंत्र दिवस से पहले ट्रैक्टर लेकर दिल्ली रवाना होने का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 07:45 AM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 07:45 AM (IST)
तिरंगे के साथ रोहतक से किसानों के जत्थे ट्रैक्टर लेकर दिल्ली रवाना
तिरंगे के साथ रोहतक से किसानों के जत्थे ट्रैक्टर लेकर दिल्ली रवाना

जागरण संवाददाता, रोहतक :

किसानों का गणतंत्र दिवस से पहले ट्रैक्टर लेकर दिल्ली रवाना होने का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। बड़ी संख्या में तिरंगे के साथ किसानों के जत्थे ट्रैक्टर लेकर दिल्ली रवाना हुआ। किसानों का कहना है कि जब तक तीन कृषि कानून वापस नहीं होंगे, तब तक आंदोलन नहीं थमेगा। सोमवार को मकड़ौली टोल व मदीना टोल से किसानों के जत्थे दिल्ली कूच कर गए। इसके अलावा अलग अलग गांवों से भी किसान अपने अपने ट्रैक्टर लेकर दिल्ली रवाना हुए है। उधर, हरियाणा के पूर्व आइजी रणबीर सिंह शर्मा सोमवार को मकड़ौली टोल पर किसानों के धरने पर पहुंचे और धरने को समर्थन किया। उन्होंने कहा की ट्रैक्टर परेड के दौरान पूरी तरह से किसान सचेत रहें। इस दौरान शरारती तत्व कोई भी अफवाह फैला सकते हैं। ट्रैक्टरों पर किसान व युवा देशभक्ति के गीत सुनते हुए दिल्ली की ओर कूच कर गए। किसान नेताओं ने 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली ट्रैक्टर रैली में अधिक से अधिक संख्या में किसानों से पहुंचने का आह्वान भी किया। अन्नदाता की स्वतंत्रता का हनन :

हरियाणा के पूर्व आईजी रणबीर सिंह शर्मा ने मकड़ौली टोल पर दिए जा रहे धरने पर कहा कि देश से बेशक गोरे अंग्रेज चले गए हो लेकिन आज भी देश में काले अंग्रेजों का राज चलता है। देश के अन्नदाता की स्वतंत्रता का हनन किया गया है। इसलिए अन्नदाता गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली में ट्रैक्टर परेड करने के लिए मजबूर हुआ है। देश का अन्नदाता दिसंबर व जनवरी की ठिठुरती ठंड में दिल्ली बॉर्डर पर अपनी मांगों को लेकर पड़ा है लेकिन सरकार चुप्पी साधे हुए हैं। सरकार को चाहिए था कि जब किसान कृषि बिलों को स्वीकार नहीं कर रहे तो इन बिलों को वापस ले। लेकिन सरकार अपने राजहठ पर पड़ी हुई है। इसी का नतीजा है कि देश भर से लाखों किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली पहुंच रहे हैं। इस दौरान उनके साथ आजाद सिंह हुड्डा, दीपक फौजी, संतलाल, अजीत, डा. सुनिल व अन्य मौजूद रहे। भाकियू नेता बल्लू प्रधान ने काफिले को किया रवाना

वहीं, भारतीय किसान यूनियन अंबावता के प्रदेश अध्यक्ष अनिल नांदल उर्फ बल्लू प्रधान ने सोमवार को मकड़ौली टोल प्लाजा से दिल्ली बॉर्डर के लिए ट्रैक्टरों के काफिले को रवाना किया। तिरंगा झंडा लगे इन ट्रैक्टरों पर बैठे किसान, किसान एकता जिदाबाद, भारत माता की जय के नारे लगाते हुए दिल्ली की तरफ कूच कर गए। इस मौके पर बल्लू प्रधान ने सभी को शांतिपूर्ण तरीके से ट्रैक्टर परेड निकालने के लिए आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र पर्व हमारे देश का सबसे बड़ा महापर्व है और इसे हम सब शांतिपूर्वक तरीके से मनाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक सरकार इन कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी तब तक किसानों को संघर्ष यूं ही जारी रहेगा।

chat bot
आपका साथी