पराली न जलाने वाले किसानों को दैनिक जागरण ने किया सम्मानित

दैनिक जागरण की पराली नहीं जलाएंगे पर्यावरण को बचाएंगे मुहिम के तहत जिला में बेहतर कार्य करने वाले किसानों को शुक्रवार सम्मानित किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 06:53 AM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 06:53 AM (IST)
पराली न जलाने वाले किसानों को दैनिक जागरण ने किया सम्मानित
पराली न जलाने वाले किसानों को दैनिक जागरण ने किया सम्मानित

जागरण संवाददाता, रोहतक :

दैनिक जागरण की पराली नहीं जलाएंगे, पर्यावरण को बचाएंगे मुहिम के तहत जिला में बेहतर कार्य करने वाले किसानों को शुक्रवार सम्मानित किया गया। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने किसानों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न दिए। कार्यक्रम में जिला कृषि उप निदेशक डा. रोहताश सिंह, माइक्रोन पृथ्वी रोटोवेटर कंपनी के महा प्रबंधक सुरेंद्र दहिया ने भी संबोधित किया और तमाम किसानों को पराली न जलाने के लिए प्रेरित किया।

जिला उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने पराली न जलाने वाले सभी किसानों की सराहना की व उनको अन्य किसानों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अगले वित्त वर्ष में पराली न जलाने वाले किसानों के साथ-साथ गांवों को भी आर्थिक मदद देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पराली न जलाने से एक तो प्रदूषण नहीं बढ़ता और दूसरा पर्यावरण भी स्वच्छ रखने में मदद मिलती है। सभी किसानों ने दैनिक जागरण की मुहिम को खूब सराहा। इसके साथ ही उन्होंने अन्य किसानों को पराली न जलाकर उसका उचित प्रबंधन करते हुए मुनाफा कमाने के लिए प्रेरित करने का आश्वासन भी दिया।

दैनिक जागरण की सराहना :

पराली नहीं जलाएंगे, पर्यावरण को बचाएंगे, मुहिम के लिए जिला उपायुक्त ने दैनिक जागरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस दिशा में दैनिक जागरण की ओर से किसानों को सम्मानित करने जैसे प्रयास सराहनीय है। उन्होंने महिलाओं के भी कृषि क्षेत्र में आगे आने पर खुशी प्रकट की। अंत में उपायुक्त को दैनिक जागरण की तरफ से स्मृति चिह्न भेंट किया। उनके अलावा जिला कृषि उप निदेशक डा. रोहतास सिंह, माइक्रोन पृथ्वी रोटावेटर के जीएम सुरेंद्र दहिया व डीआइपीआरओ संजीव सैनी को भी स्मृति चिह्न भेंट किया गया। रुकनी नहीं चाहिए मुहिम : सुरेंद्र दहिया

कार्यक्रम में माइक्रोन पृथ्वी रोटावेटर कंपनी के महा प्रबंधक सुरेंद्र दहिया ने कहा कि किसानों को फायदा पहुंचने के लिए कंपनी भी प्रयासरत है। सरकार का भी उद्देश्य है कि किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जा सके। वहीं, दैनिक जागरण भी इस दिशा में बेहतर प्रयास कर रहा है। समय समय किसानों को प्रेरित व प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। कंपनी की ओर से किसानों के लिए लक्की ड्रा भी नव वर्ष पर निकाला गया और रोटावेटर आदि कृषि यंत्र देकर तीन किसानों को सम्मानित किया गया। अब फिर से किसानों को सरकार की 50 फीसद सब्सिडी के अलावा 20 फीसद सब्सिडी किसानों को रोटावेटर खरीदने पर दी जाएगी। किसानों को अपने गांव के सरपंच से प्रमाणित करवाना होगा। ये किसान किए सम्मानित :

- मदीना कोरसान गांव निवासी दीपक

- सैमाण गांव निवासी संजय

- टिटौली गांव निवासी नमिता के पति बिजेंद्र

- सुंदरपुर गांव निवासी नवाब सिंह

- रिठाल नरवाल गांव निवासी कृष्ण

- बलियाना गांव निवसी सोनिया

- माडौदी जाटान गांव निवासी राजकुमार

- माडौदी जाटान गांव निवासी आशीष

- कारोर गांव निवासी दीपक

- निडाना गांव निवासी महेंद्र सिंह

- किलोई गांव निवासी श्रीभगवान

- दतौड़ गांव निवासी सुरेंद्र

- खेड़ी साध गांव निवासी निशांत

chat bot
आपका साथी