एकजुटता के लिए पार्षदों को भ्रमण पर भेज सकती है भाजपा

पार्षदों को एकजुट रखने के लिए शनिवार को भाजपा द्वारा उनको भ्रमण पर भेजा जा सकता है। सूत्रों की माने तो भाजपा नेतृत्व की ओर से इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Mar 2021 08:29 PM (IST) Updated:Fri, 12 Mar 2021 08:29 PM (IST)
एकजुटता के लिए पार्षदों को भ्रमण पर भेज सकती है भाजपा
एकजुटता के लिए पार्षदों को भ्रमण पर भेज सकती है भाजपा

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: नगर परिषद उपप्रधान चुनाव को लेकर इस बार भाजपा नेताओं ने पूरी मोर्चाबंदी कर दी है। पार्षदों को एकजुट रखने के लिए शनिवार को भाजपा द्वारा उनको भ्रमण पर भेजा जा सकता है। सूत्रों की माने तो भाजपा नेतृत्व की ओर से इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। पार्षद चुनाव वाले दिन सीधे नगर परिषद कार्यालय पहुंचेंगे तथा चुनाव में हिस्सा लेंगे।

गुपचुप हुई बैठक में लिया निर्णय

नगर परिषद उपप्रधान पद का चुनाव 14 मार्च को दोपहर 12 बजे रखा गया है। भाजपा नेताओं की आपसी फूट की वजह से 15 फरवरी को हुई बैठक को रद करना पड़ा था लेकिन पार्टी इस बार कोई रिस्क उठाने को तैयार नहीं है। सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में पार्षदों के साथ वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक में 15 के लगभग पार्षद मौजूद थे। वहीं कुछ पार्षदों से नेटवर्क समस्या के चलते संपर्क नहीं हो पाया। बैठक में यही निष्कर्ष निकला कि पार्टी की ओर से पार्षदों को शनिवार को ही बाहर भ्रमण पर भेज दिया जाएगा। पार्षद भ्रमण पर कहां जाएंगे इसको लेकर अभी उन्हें भी जानकारी नहीं दी गई है।

पर्यवेक्षक गुर्जर बताएंगे नाम

अभी सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा हो रहा है कि आखिर पार्टी द्वारा उपप्रधान के लिए किसके नाम पर मुहर लगाई जाएगी। पार्टी चुनाव चिह्न पर जीते पार्षद को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना अधिक मानी जा रही है। मगर परिस्थितियां प्रतिकूल होने पर पार्टी उन पार्षदों में से भी किसी एक पर दांव लगा सकती है जो चुनाव जीतने के बाद भाजपा में आस्था व्यक्त कर चुके हैं। उपप्रधान चुनाव के लिए भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर को पर्यवेक्षक बनाया गया है। 14 मार्च को बैठक से ठीक 1 घंटा पहले केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर पार्षदों से मुलाकात करके उपप्रधान के लिए पार्टी किस नाम पर राजी हुई है उसके बारे में बताएंगे। पार्षदों में किसी भी तरह की फूट न पड़े इसको लेकर भी अलग-अलग तरीके से उनको समझाने का काम किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी