BJP अध्यक्ष ओपी धनखड़ का कमाल- किसी को साध लिया तो किसी का साथ लिया, दक्षिण हरियाणा का भी दिखा दम

ओपी धनखड़ गुरुग्राम व महेंद्रगढ़ जिलाें काे प्रतिनिधित्व देने में उदार रहे हैं। गुरुग्राम से जीएल शर्मा को उपाध्यक्ष और सत्यप्रकाश जरावता व समय सिंह भाटी को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। इसी क्रम में महेंद्रगढ़ जिले से संतोष यादव को उपाध्यक्ष व मनीष मित्तल को प्रदेश मंत्री बनाया है।

By Jp YadavEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 08:12 AM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 08:12 AM (IST)
BJP अध्यक्ष ओपी धनखड़ का कमाल- किसी को साध लिया तो किसी का साथ लिया, दक्षिण हरियाणा का भी दिखा दम
हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ की फाइल फोटो।

रेवाड़ी [महेश कुमार वैद्य]। पांच राज्यों के चुनाव परिणाम के तुरंत बाद भाजपा के हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पदाधिकारियों की नई टीम घोषित कर दी है। ओपी धनखड़ की संगठन एक्सप्रेस में ऐसे कुछ नाम नदारद अवश्य हैं, जिन्हें पद मिलने की उम्मीद थी, मगर रिक्तियां बरकरार रखकर ओपी धनखड़ ने उम्मीद बरकरार रखी है। तुलनात्मक रूप से भाजपा की इस नई टीम में दक्षिण हरियाणा का दम किसी भी क्षेत्र से कम नहीं है। इसे ओपी धनखड़ की जादूगरी की कही जाएगी कि नेताओं की उम्मीद बरकरार रखकर नाराजगी की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी है।

बता दें कि तकनीकी रूप से रेवाड़ी जिले की झोली खाली है, मगर गुरुग्राम से प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए जीएल शर्मा मूल रूप से रेवाड़ी के गांव राजावास निवासी हैं। रेवाड़ी के अरविंद यादव को पिछले वर्ष हरको बैंक का चेयरमैन बनाए जाने के बाद संगठन में अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद कम थी, मगर एक पद मिलने की उम्मीद अवश्य थी। ओपी धनखड़ गुरुग्राम व महेंद्रगढ़ जिलाें काे प्रतिनिधित्व देने में अधिक उदार रहे हैं। गुरुग्राम से जीएल शर्मा को उपाध्यक्ष के अलावा सत्यप्रकाश जरावता व समय सिंह भाटी को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। इसी क्रम में महेंद्रगढ़ जिले से संतोष यादव को उपाध्यक्ष व मनीष मित्तल को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। मनीष की गिनती केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के खेमे में होती है, जबकि संतोष यादव व जीएल शर्मा से राव खेमा कभी खुश नहीं रहा। पलवल के दीपक मंगला जहां कोषाध्यक्ष का पद संभालेंगे वहीं फरीदाबाद से रेणु भाटिया प्रदेश मंत्री बनी हैं। नूंह से नसीम अहमद को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

सोनीपत पर खास मेहरबानी

ओपी धनखड़ ने सोनीपत जिले पर खास मेहरबानी की है। यहां से कविता जैन को उपाध्यक्ष व मोहनलाल बुड़ोली को जहां महामंत्री बनाया है, वहीं सुमित्रा चौहान को महिला मोर्चा की कमान दी गई है।

साधा जातीय संतुलन, हर वर्ग को प्रतिनिधित्व

ओमप्रकाश धनखड़ ने जातीय संतुलन साधने का पूरा प्रयास किया है। इसके साथ जातीय संतुलन को भी साधा गया है। पूर्व मंत्री कविता जैन और दीपक मंगला वैश्य समाज से हैं। पिछड़ा वर्ग को सबसे अधिक जगह दी है। रोड समाज से वेदपाल एडवोकेट व सैनी समाज से डॉ. पवन सैनी को जहां महामंत्री की अहम जिम्मेदारी दी है, वहीं संतोष यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। गुर्जर समुदाय से समय सिंह भाटी व प्रजापत समाज से सिरसा के सुरेंद्र आर्य को प्रदेश मंत्री बनाया है। पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज को पिछड़ा वर्ग मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। ब्राह्मण समाज से जीएल शर्मा को उपाध्यक्ष व मोहनलाल बुड़ौली को महामंत्री बनाया गया है। सह कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी कमल अवस्थी को दी गई है। अनुसूचित जाति से सुनीता दुग्गल को उपाध्यक्ष व सत्यप्रकाश जरावता को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। पूर्व मंत्री कृष्ण पवार को अनुसूचित जाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पंजाबी समुदाय से पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर को उपाध्यक्ष व रेनु भाटिया को प्रदेश मंत्री बनाया है। गुलशन भाटिया कार्यालय सचिव का दायित्व पहले की तरह संभालेंगे। राजपूत समुदाय से ठाकुर विक्रम सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राहुल राणा युवा मोर्चा का नेतृत्व करेंगे। इसी क्रम में जाटों को भी पूरा प्रतिनिधित्व मिला है। खुद धनखड़ जहां प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं, वहीं उन्होंने अब अपनी नई टीम में महीपाल ढांडा को उपाध्यक्ष व सरोज सिहाग को प्रदेश मंत्री बनाया है। सुखविंद्र श्योराण को किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, जबकि महिला मोर्चा की कमान इसी समुदाय की सुमित्रा चौहान के पास है।

chat bot
आपका साथी