बाजार में करवाचौथ के चलते आई रौनक

करवाचौथ का पवित्र व्रत 24 अक्टूबर को है। त्योहार को लेकर बाजारों में रौनक छा गई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 03:03 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 03:03 PM (IST)
बाजार में करवाचौथ के चलते आई रौनक
बाजार में करवाचौथ के चलते आई रौनक

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: करवाचौथ का पवित्र व्रत 24 अक्टूबर को है। त्योहार को लेकर बाजारों में रौनक छा गई है। सुबह से देर शाम तक विभिन्न दुकानों पर खरीदारी करने वालों की भीड़ लगी रही। अधिकांश भीड़ गारमेंट्स, ब्यूटी पार्लर, मिठाई की दुकानों तथा गिफ्ट गैलरियों में रहीं।

महिलाएं साज, श्रृंगार के सामान खरीदने में व्यस्त रहीं। करवाचौथ को लेकर नवविवाहिताओं और जिनकी सगाई हो चुकी है उनमें ज्यादा उत्साह है। कोरोना काल में मेहंदी लगाने से पहले सैनिटाइजर का छिड़काव, मुंह पर मास्क पहनने के साथ शारीरिक दूरी बनाकर हाथों को सजाने का काम युद्धस्तर पर चलता रहा। जिस घर में दो या इससे अधिक महिलाएं हैं वे मेहंदी लगाने वालों को घर पर बुला रही हैं।

अलीकन और राजस्थानी मेहंदी का क्रेज ज्यादा: विभिन्न श्रृंगार केंद्रों पर मेहंदी रचाने आने वाली महिलाओं और युवतियों में अलीकन, ब्राइडल, राजस्थानी मेहंदी रचाने में उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर की पंजाबी मार्केट में स्टाल लगाकर महिलाओं को मेहंदी लगा रहे साहिल का कहना है कि अलीकन डिजाइन में पहले आलेख तैयार किया जाता है इसके बाद मेहंदी से डिजाइन बनाया जाता है। इसी प्रकार राजस्थानी मेहंदी में बारीकी डिजाइन बनाया जाता है। महिलाएं अरेबिक डिजाइन को भी खासा पसंद कर रही हैं। महिलाएं अपने हाथों में प्रियतम का नाम भी लिखवा रही हैं। सुहागिनें ब्राइडल मेहंदी भी बनवा रही हैं। दोनों हाथों पर मेहंदी लगाने के चार सौ से पांच सौ रुपये तक खर्च कर रही हैं। मेहंदी लगवा रही महिला सुमन ने बताया कि करवाचौथ पर ही नहीं हर त्योहार में वह मेहंदी लगवाती हैं। हाथों में मेहंदी लगवाना उनकी परंपरा रही है। इस बार कोरोना काल में एहतियात बरत रही हैं, लेकिन मेहंदी रचाने में कोई परहेज नहीं है। युवती सोनल कहती हैं कि नए डिजाइन की मेहंदी लगवा रही हूं, डिजाइन कितना अच्छा लगेगा यह देखने के लिए उत्साहित हूं।

सूर्योदय के साथ आरंभ हो जाएगा व्रत: ज्योतिषियों के अनुसार 24 अक्टूबर को सूर्योदय के साथ करवाचौथ व्रत आरंभ होगा। यह रात को चंद्रमा उदय के साथ पूरा होगा।

करवाचौथ पर बन रहा विशेष संयोग: 24 अक्टूबर रविवार कार्तिक कृष्णपक्ष चतुर्थी के दिन करवा चौथ मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य अजय शास्त्री के अनुसार करवाचौथ के व्रत को लेकर शास्त्रों में बताया गया है इसको करने से न सिर्फ पति की आयु लंबी होती है बल्कि इस व्रत को करने से वैवाहिक जीवन की सारी परेशानियां भी दूर हो जाती हैं। इस दिन भगवान शिव, मां पार्वती व गणेश जी की पूजा का विधान बताया गया है। ज्योतिषीय गणना अनुसार पांच वर्षों के बाद शुभ योग बन रहा है। व्रत रविवार को होने से सूर्य भगवान आयु ,आरोग्य व सौभाग्य का वर देंगे। रोहिणी नक्षत्र में पूजा कि जायेगी और रोहिणी नक्षत्र 27 नक्षत्रों में सभी से सुंदर व चंद्रमा का प्यारा नक्षत्र होने से इस बार करवाचौथ सौभाग्य के लिए विशेष सुखदायी माना जाता है। रोहिणी नक्षत्र में ही चंद्रोदय रेवाड़ी समयानुसार 8 बजकर 10 मिनट पर होगा।

करवाचौथ पर कैसे करें: पूजा सुहाग का सामान, चुनरी, छलनी, मिट्टी का बर्तन, गंगाजल, कुमकुम चंदन, अक्षत, पुष्प, धूप, दीप, मीठा, कच्चा दूध, घी, चांद निकलने के पहले सारा सामान थाली में रख लें। फिर चांद निकलने के बाद चंद्रमा को अ‌र्घ्य देकर व छलनी से पति का मुख देखकर व्रत खोलें।

घरेलू नुस्खों से भी त्वचा को बेहतर बना सकती हैं महिलाएं

करवाचौथ के अवसर पर महिलाएं जरूरी नहीं है कि ब्यूटी पार्लर में ही जाएं। घरेलू नुस्खों को अपनाकर भी वह अपने चेहरे की चमक को बढ़ा सकती हैं। आयुर्वेदाचार्य डा. अर्चना के अनुसार क्लीनजिग के लिए कच्चा दूध ही काफी है। दो तीन मिनट इसे मुंह पर लगाकर धो लें। स्क्रबिग के लिए काफी का एक पाउच लेकर उसमें गुलाब जल मिला लें। काफी में प्रचूर मात्रा में कैफीन होता है। हल्के हाथों से चेहरे पर स्क्रबिग कर लें। लाल मसूर की दाल को पीसकर रख लें। इसका पेस्ट बनाकर चेहरे पर इस्तेमाल करें जिससे दाग धब्बे मिट जाएंगे। हफ्ते में एक या दो बार स्क्रब कर सकते हैं। वहीं चुकंदर के पाउडर को चीनी के साथ मिलकाकर दो तीन मिनट तक चेहरे पर स्क्रब करें। डेड सेल रिमूव हो जाएंगे।

chat bot
आपका साथी