जनभागीदारी से भव्य होगा जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव

जिला मुख्यालय पर 12 से 14 दिसंबर तक जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन होगा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 05:56 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 05:56 PM (IST)
जनभागीदारी से भव्य होगा जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव
जनभागीदारी से भव्य होगा जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: जिला मुख्यालय पर 12 से 14 दिसंबर तक जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन होगा। माडल टाउन स्थित बाल भवन में आयोजित होने वाले बाल महोत्सव आयोजन को लेकर बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में उपायुक्त यशेंद्र सिंह की अध्यक्षता में जिला के सभी विभाग अध्यक्षों की बैठक हुई।

उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में हरियाणा सरकार द्वारा मिले निर्देशों का पालन करते हुए गीता महोत्सव 2021 के जिलास्तरीय आयोजन के लिए सभी विभागों के कार्य तय हैं। गीता दर्शन न केवल धार्मिक बल्कि हम सबके जीवन में प्रतिदिन मार्गदर्शक का कार्य करती है। ऐसे में जिला स्तर पर जनभागीदारी से भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित होना चाहिए। उन्होंने गीता महोत्सव 2021 में यज्ञ, गीता पूजन, सेमिनार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभागीय प्रदर्शनी, नगर शोभा यात्रा आदि कार्यक्रमों के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बताया कि बाल भवन परिसर को गीतापुरम के रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें महोत्सव के पहले दिन 12 दिसंबर को यज्ञ, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। दूसरे दिन 13 दिसंबर को प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और गोष्ठी तथा तीसरे दिन नगर शोभा यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव सम्मान समारोह के साथ संपन्न होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के कलाकारों के अतिरिक्त विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थीगण द्वारा गीता आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

गीता के प्रति चेतना जागृत करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सभी स्कूलों में श्रीमद्भागवत पर आधारित प्रश्नोत्तरी, पेंटिग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन करेंगे। वहीं नगर शोभा यात्रा में व्यापार मंडल और अन्य सामाजिक तथा धार्मिक संस्थाओं की भागीदारी प्रभावी रूप से रहेगी। बैठक में डीआइपीआरओ दिनेश कुमार ने महोत्सव के आयोजन से संबंधित रूप रेखा और प्रारूप प्रस्तुत किए। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त आशिमा सांगवान, एसडीएम रेवाड़ी रविद्र यादव, एसडीएम कोसली होशियार सिंह, एसडीएम बावल संजीव कुमार, नगराधीश रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी