महर्षि वाल्मीकि पुरस्कार हेतु चयन पर दी बधाई

हरियाणा संस्कृत अकादमी द्वारा विगत दिवस वर्ष 2019 और 2020 के लिए संस्कृत पुरस्कारों की घोषणा की गई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 05:27 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 05:27 PM (IST)
महर्षि वाल्मीकि पुरस्कार हेतु चयन पर दी बधाई
महर्षि वाल्मीकि पुरस्कार हेतु चयन पर दी बधाई

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: हरियाणा संस्कृत अकादमी द्वारा विगत दिवस वर्ष 2019 और 2020 के लिए संस्कृत पुरस्कारों की घोषणा की गई है।

इसमें भारत संस्कृत परिषद हरियाणा के प्रांत अध्यक्ष डा. सत्येंद्र प्रकाश सत्यम का संस्कृत के सर्वोच्च सम्मान महर्षि वाल्मीकि पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। इस पर विभिन्न सामाजिक और संस्कृत से जुड़ी हुई संस्थाओं ने डा. सत्येंद्र प्रकाश सत्यम को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री मनोहरलाल, हरियाणा संस्कृत अकादमी के निदेशक डा. दिनेश शास्त्री और चयन समिति के विभिन्न विद्वानों का आभार जताया है।

प्रांत महामंत्री डा. अश्विनी शर्मा ने बताया कि आचार्य सत्येंद्र प्रकाश सत्यम अभी तक एक दर्जन से अधिक संस्कृत ग्रंथों की रचना कर चुके हैं। उन्हें भारतवर्ष के प्रख्यात व्याकरण मनीषी, प्रसिद्ध दार्शनिक और संस्कृत के लिए पूर्ण समर्पित देशभक्त के रूप में जाना जाता है। डा. सत्यम लगभग 50 वर्षों से संस्कृत के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित हैं और विभिन्न संस्कृत निष्ठ कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं तथा सभी को प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि भारत संस्कृत परिषद हरियाणा के अन्य सदस्यों में संरक्षक डा. सुधीर कुमार को वर्ष 2019 का महर्षि विश्वामित्र सम्मान, प्रांत उपाध्यक्ष डा. मुरलीधर शास्त्री को विशिष्ट संस्कृत सेवा सम्मान और भिवानी जिलाध्यक्ष डा. जयपाल शास्त्री को उनकी पुस्तक के लिए चयनित किया गया है।

अब 15 नवंबर तक बनवा सकते हैं आयुष्मान कार्ड

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य को अब 15 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। इस योजना के तहत हर साल पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज होता है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत हैं कि हर जरूरतमंद व्यक्ति इस योजना से जुड़ कर इसका लाभ उठा सकें।

उपायुक्त ने आमजन से अपील की है कि जो भी व्यक्ति या परिवार इस योजना के पात्र हैं और 2011 के आर्थिक सर्वे में जिनका नाम है और अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है वह जल्द से जल्द अपना कार्ड बनवाएं ताकि आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल सके। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने बताया कि अटल सेवा केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा निश्शुल्क है। कोई भी लाभार्थी हरियाणा सरकार द्वारा अधिकृत अस्पतालों में भर्ती होकर आयुष्मान भारत कार्ड के माध्यम से मान्य पैकेज पर इलाज की सुविधा का लाभ उठा सकता है।

chat bot
आपका साथी