25 साल बाद अमेरिका और जापान से भी आगे होगा हिदुस्तान: राज्यपाल

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि आजादी के बाद देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। पच्चीस साल के बाद हिदुस्तान निश्चित तौर पर अमेरिका जापान चीन और जर्मनी से हर क्षेत्र में काफी आगे निकल चुका होगा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 05:33 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 05:33 PM (IST)
25 साल बाद अमेरिका और जापान से भी आगे होगा हिदुस्तान: राज्यपाल
25 साल बाद अमेरिका और जापान से भी आगे होगा हिदुस्तान: राज्यपाल

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि आजादी के बाद देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। पच्चीस साल के बाद हिदुस्तान निश्चित तौर पर अमेरिका, जापान, चीन और जर्मनी से हर क्षेत्र में काफी आगे निकल चुका होगा। राज्यपाल मंगलवार को मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विवि में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में भारत सबसे महान देश का दर्जा हासिल करेगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा, सैन्य, कृषि व अर्थव्यवस्था सभी क्षेत्रों में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्होंने विवि प्रबंधन से आह्वान किया कि वह बच्चों को तकनीकी तौर पर सुदृढ़ बनाने का काम करें ताकि अपना भविष्य बनाने में उनके समक्ष कोई संकट न आए।

राज्यपाल ने कहा कि विवि में पढ़ रहे विद्यार्थी पासआउट होने के बाद नौकरी की तलाश में घूमेंगे। उन्होंने युवाओं से कहा कि वह नौकरी लेने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनें। बड़ा सोचें और बड़ा करने का मन बनाएं। बड़े उद्यमी बनें और अपने जैसे युवाओं को रोजगार देने का काम करें। उन्होंने कहा कि युवाओं में इतिहास बदलने की क्षमता है बशर्ते कि वह अपनी क्षमताओं का शत प्रतिशत इस्तेमाल करें।

राज्यपाल ने दिया मेक इन इंडिया और स्किल इन इंडिया का मंत्र: राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टार्ट अप की नई परिपाटी की शुरुआत करके युवाओं को प्रेरित करने का काम किया है। उन्होंने युवाओं को मेक इन इंडिया व स्किल इंडिया का मंत्र देते हुए कहा कि खुद का कारोबार शुरू करें और जो चीजें हमें विदेशों से मंगवानी पड़ती है उनका उत्पादन अपने देश में ही करें।

chat bot
आपका साथी