जींद में नागक्षेत्र सरोवर में डूबने से युवक की मौत, दो दोस्त फरार, दो को लोगों ने पकड़ा

आशु गाड़ी चलाता है। सोमवार रात दोस्त साथ ले गए। एक दोस्त का रात को जन्मदिन मनाया। सुबह सभी नागक्षेत्र सरोवर पर पहुंचे। आशु ने नागक्षेत्र में कूदने की कोशिश की। दो युवकों ने उसका हाथ पकड़ लिया। आशु उनका हाथ छुड़वाकर नागक्षेत्र सरोवर में कूद गया।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 08:15 PM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 08:15 PM (IST)
जींद में नागक्षेत्र सरोवर में डूबने से युवक की मौत, दो दोस्त फरार, दो को लोगों ने पकड़ा
जींद में नागक्षेत्र सरोवर में डूबे आशू के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

जींद/ सफीदों, जेएनएन। जींद में नागक्षेत्र सरोवर में डूबने से सफीदों के वार्ड सात निवासी आशू की मौत हो गई। वह अपने एक दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में गया था। सोमवार रात को जन्मदिन मनाया। मंगलवार सुबह सभी दोस्त नागक्षेत्र सरोवर नहाने आए थे। यहां आशू डूब गया। दो दोस्त मौके से फरार हो गए। दो दोस्तों को लोगों ने धर दबोचा। परिवार ने आशू की हत्या की आशंका जताई है।

आशु गाड़ी चलाने का काम करता है। वह सोमवार रात को घर पर आया हुआ था। रात को खाना खाने की तैयारी चल रही थी। तभी उसके कुछ दोस्त घर पर आए और उसे अपने साथ ले गए। उन युवकों में से एक युवक का जन्मदिन था। रात को सभी ने जन्मदिन मनाया। लेकिन आशु अपने घर पर नहीं लौटा। सुबह सभी युवक नगर के नागक्षेत्र सरोवर पर पहुंचे और वहां पर उनकी तैरने की बात हुई थी। आशु ने नागक्षेत्र में कूदने की कोशिश की, तो दो युवकों ने उसका हाथ पकड़ लिया। लेकिन आशु उनका हाथ छुड़वाकर नागक्षेत्र सरोवर में कूद गया और कुछ ही पलों में मौत के आगोश में समा गया।

शोर मचने के बाद दो दोस्त फरार हुए

आशु के डूबने के बाद वहां पर बचाओ-बचाओ का शोर हुआ। इसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। उनमें दो युवक मौके से खिसक गए और दो युवकों को लोगों ने पकड़ लिया। नागक्षेत्र सरोवर मंदिर के पुजारी यतिंद्र कौशिक ने घटना की जानकारी एसडीएम और पुलिस को दी। नायब तहसीलदार रामपाल शर्मा और पुलिस मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने अपने स्तर पर नागक्षेत्र सरोवर में आशु की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

रोहतक से बुलाना पड़ा गोताखोर

प्रशासन ने युवक को तालाब से बाहर निकालने के लिए गोताखोरों को बुलाया। उसके बाद रोहतक के निंदाना से गोताखोर विकास मौके पर पहुंचा और उसने युवक को तलाशने का अभियान शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद गोताखोर ने आशु के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहीं मामले की सूचना युवक के परिजनों को दी गई। परिजनों ने सिटी थाना में पहुंच कर आशु की हत्या की आशंका जाहिर करते हुए मामले की जांच की मांग की। फिलहाल पुलिस ने किसी पर मामला दर्ज नहीं किया है। जांच की जा रही है।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी