छेड़छाड़ का केस दर्ज होने पर पिता ने कर ली थी आत्महत्या, अब युवक पर उसी किशोरी को बहलाकर ले जाने का आरोप
यमुनानगर के छछरौली का मामला। दो माह पहले युवक पर किशोरी से छेड़छाड़ का केस दर्ज हुआ था। पंचायत भी हुई थी। बेइज्जती पर युवक के पिता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। अब अचानक किशोरी लापता हो गई। युवक का भी सुराग नहीं है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। छछरौली थाना क्षेत्र के गांव बरौली का माजरा निवासी शुभम पर जिस किशोरी ने दो माह पहले छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। अब वहीं लापता हो गई है। स्वजनों ने उसे शादी का झांसा देकर ले जाने के आरोप में युवक पर ही केस दर्ज कराया है।
आरोपित युवक व किशोरी पहले शादी करना चाहते थे। इस मामले को लेकर गांव में पंचायत हुई थी। जिसमें युवक के पिता की बेइज्जती की गई थी। इससे आहत होकर उन्होंने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में निर्वतमान सरपंच के पिता पर केस दर्ज हुआ था। अब युवक व किशोरी के लापता होने के बाद इस मामले की फिर से गांव में चर्चा है। छछरौली थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह का कहना है कि किशोरी की मां की शिकायत पर आरोपित पर केस दर्ज किया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।
30 जुलाई को लापता हो गई थी किशोरी
छछरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 17 वर्षीय लड़की 30 जुलाई को दोपहर तीन बजे किसी काम से घर से बाहर गई थी। इसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी बेटी का कोई पता नहीं लगा। इस दौरान उनके पड़ोस में रहने वाला युवक भी गायब है। आरोप है कि उनकी बेटी को आरोपित ही लेकर गया है।
दो माह पहले आरोपित पर दर्ज कराया था केस
जिस किशोरी को बहलाकर ले जाने का आरोप जिस युवक पर लगा है, उस पर दो माह पहले किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज हो चुका है। 30 मई को पुलिस को दी शिकायत में कहा गया था कि किशोरी घर पर अकेली थी। इसी दौरान उक्त युवक उनके घर पर आया और किशोरी से छेड़छाड़ करने लगा। शोर शराबा होने पर किशोरी की मां घर के अंदर गई, तो आरोपित उसे धक्का देकर भाग निकला था। अगले दिन फिर आरोपित आया और जान से मारने की धमकी देकर गया था।
आरोपित का पिता कर चुका आत्महत्या
दरअसल, आरोपित युवक व किशोरी दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन एक गांव का होने की वजह से ग्रामीणों का दबाव युवक के पिता रामचंद्र पर पड़ रहा था। इसको लेकर 25 मई को गांव में पंचायत बुलाई गई थी। जिसमें आरोपित के पिता को भी बुलाया गया था। वहां से लौटने के बाद उसका पिता गुमशुम रहने लगा था। एक जून को उसने आत्महत्या कर ली थी। बाद में एक सुसाइड नोट भी मिला था। जिसमें उन्होंने निवर्तमान सरपंच के पिता पर पंचायत में बेइज्जत करने और जातिसूचक शब्द कहने की बात कही थी। पुलिस ने केस दर्ज किया था।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें